यूपी

प्रतापगढ़ में पिता ले आया सौतेली मां तो बेटे ने कर दी हत्या

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जनवरी 2, 2026
1 min read • 1.2k views
asr24news

प्रतापगढ़, 2 जनवरी 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हैरत करने वाला मामला सामने आया है। यहां अंतू थाना क्षेत्र के नरी गांव में 29 दिसंबर 2025 को रामलखन यादव का शव खेत में मिला था। उनकी डंडे से प्रहार कर हत्या की गयी थी। रामलखन की हत्या के मामले में बेटे उदयभान यादव ने अंतू थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।

पुलिस ने मामले की छानबीन की तो पता चला कि रामलखन यादव ने पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी पत्नी ले आ लिया था। इस बात को लेकर पहली पत्नी का बेटा उदयभान नाराज रहता था। इस गुस्से में उदयभान ने ही मौका पाकर अपने पिता की हत्या कर दी और बचने के लिए एफआईआर भी लिखवा दी।

पुलिस ने पूरे प्रकरण का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक थाना अन्तू क्षेत्र के ग्राम नरी निवासी रामलखन खेत में पानी लगाने गया था, लेकिन रात में वापस नहीं लौटा। अगले दिन 29 दिसंबर की सुबह परिजनों ने खोजबीन की तो उसका शव खेत के पास स्थित सरसों के खेत में पड़ा मिला।

इस मामले में मृतक के बेटे उदयभान यादव (35 वर्ष) की तहरीर पर थाना अन्तू में मुअसं 424/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। सूचना मिलते ही उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट, स्वाट टीम, स्पेशल टीम और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले के शीघ्र अनावरण और अभियुक्त की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल व क्षेत्राधिकारी नगर प्रशान्त राज के पयर्वेक्षण में थाना प्रभारी अन्तू आनंद पाल सिंह और स्वाट टीम प्रभारी अमित कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

लगातार तकनीकी साक्ष्य, घटनास्थल से मिले प्रमाण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया। मृतक का बेटा उदयभान यादव ही इस हत्या का आरोपी निकला। पुलिस ने उसे थाना अन्तू क्षेत्र में उसके खेत के पास बने कमरे से गिरफ्तार किया। अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ठोस और मजबूत लकड़ी का टुकड़ा बरामद किया गया। इसके बाद मुकदमे में धारा 238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने 28 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7:30 बजे खेत की मेड़ पर नीम के पास अपने पिता के सिर पर लकड़ी से जोरदार प्रहार कर हत्या कर दी थी। उसने बताया कि मां की मृत्यु के बाद पिता ने सौतेली मां ला ली थी और उसी के कहने में रहते थे। सारी कमाई उसी पर खर्च कर देते थे, जिससे उसके बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया था। इसी पारिवारिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।

अभियुक्त ने यह भी बताया कि हत्या के बाद शव को सरसों के खेत में छिपाया और पिता का मोबाइल फोन रास्ते में खेत में फेंक दिया था।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।