डिसीजन, इंफोर्मेंशन और डिस्कशन से निकलेगा हर समस्या का उचित हल

डिसीजन, इंफोर्मेंशन और डिस्कशन से निकलेगा हर समस्या का उचित हल

Chhattisgarh

रायपुर पुलिस अधिकारियों के लिए ओरिएंटेशन सत्र में आईजी ने पढ़ाया पाठ

रायपुर, 6 सितंबर 2024। रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित आडिटोरियम में शुक्रवार 6 सितंबर 2024 को पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष सिंह ने ओरिएंटेशन सत्र में रायपुर पुलिस के अधिकारियों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में रायपुर पुलिस के विभिन्न विभागों से जुड़े लगभग 450 पुलिसकर्मी उपस्थित थे, जिनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर, ग्रामीण, पश्चिम, यातायात, आई.यू.सी.ए.डब्ल्यू), नगर/उप पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल थे।

पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिसिंग के कार्यों में तमाम कठिनाइयों के बावजूद, यदि कार्य सही नियत और दृढ़ निश्चय से किए जाएं, तो उन्हें अच्छे से संपादित किया जा सकता है। उन्होंने उच्च अधिकारियों को लगातार प्रभावी सुपरविजन पर जोर दिया।

मिश्रा ने बताया कि डीआईडी (डिसीजन, इंफॉर्मेशन, और डिस्कशन) के प्रभावी क्रियान्वयन से हर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। एसएसपी डॉ. संतोष सिंह ने रायपुर पुलिस की टीम भावना की सराहना की और अपराधों एवं अवैध गतिविधियों पर सख्ती से लगाम लगाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए पुलिस को संवेदनशील और बदमाशों के लिए सख्त होना चाहिए। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी के प्रति जिम्मेदार रहने और अपराधों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने का संदेश दिया। ओरिएंटेशन सत्र का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों के साथ संवाद स्थापित करना था, जिसमें कई महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर चर्चा हुई।

चर्चा के प्रमुख बिंदु

  • नशे के पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
  • लंबित अपराधों का गुणात्मक निपटान
  • महिला और बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई
  • घटनाओं की सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया
  • सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जोर

विवेचना और समय प्रबंधन पर जोर

कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक और एसएसपी ने विवेचना और पुलिस कार्यवाहियों में आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा की और उनका समाधान निकालने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निष्पादन करने के साथ-साथ समय प्रबंधन के महत्व पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए उनके सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए प्रेरित किया। यह ओरिएंटेशन सत्र पुलिसकर्मियों के लिए उनकी जिम्मेदारियों और कार्यकुशलता को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य टीम भावना को मजबूत करना और अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना था।