यूपी

प्रतापगढ़ में परीक्षा केन्द्रों पर होगी डिजिटल नजर

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जनवरी 24, 2026
2 min read • 1.2k views
प्रतापगढ़ में परीक्षा केन्द्रों पर होगी डिजिटल नजर

यूपी के प्रतापगढ़ जिले में बोर्ड परीक्षा की तैयारी अंतिम चरण में है। 18 फरवरी से शुरू होने जा रही परीक्षा पर इस बार डिजिटल नजर रखी जाएगी। इसके लिए एक दर्जन से अधिक कम्प्यूटर लगाये गए हैं।


तैयारी एक नजर में

  • परीक्षा केन्द्र : 166
  • जोनल मजिस्ट्रेट : 5
  • सेक्टर मजिस्ट्रेट : 17
  • सचल दल : 7

प्रमुख तिथियां

  • परीक्षा शुभारंभ : 18 फरवरी से
  • प्रायोगिक परीक्षाएं : 2 फरवरी से

प्रतापगढ़, 24 जनवरी 2026। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में बोर्ड परीक्षा की तैयारी जोरों पर है। जिले में कुल 166 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने 22 जनवरी को कई परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया और वहां की गयी तैयारी के बारे में जानकारी ली। इस बार परीक्षा की डिजिटल निगरानी पर फोकस किया गया है। इसके लिए एक दर्जन से अधिक कम्प्यूटर लगाये गए हैं।

उन्होंने केन्द्रों पर केन्द्र व्यवस्थापक की तैनाती से लेकर परीक्षा को शुचितापूर्ण एवं नकलविहीन सम्पन्न कराने के संबंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने वैष्णो देवी इंटर कालेज गोदाही चेरगढ़़ और मीरा देवी इंटर कालेज लोदीपुर, बिहार में की गयी तैयारियों को परखा।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया है कि वर्ष 2026 की परीक्षा दिनांक 18 फरवरी 2026 से प्रारम्भ हो रही है। इसमें कुल 166 केन्द्र बनाये गये हैं। परीक्षा को सकुशल, शुचितापूर्ण एवं नकलविहीन सम्पन्न कराये जाने के लिए परीक्षा केन्द्रों की निगरानी की खास व्यवस्था रहेगी।

इसके लिए 5 जोनल मजिस्ट्रेट और 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है। 2 फरवरी 2026 से होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए सभी केन्द्रों के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किये गये हैं।

ऑनलाइन मॉनीटरिंग किये जाने हेतु जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसमें जिलाधिकारी द्वारा कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त किया गया है।

परीक्षा केन्द्रों के भौतिक व स्थलीय निरीक्षण के लिए 7 सचल दल का गठन किया गया है। परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्र व्यवस्थापक को नियुक्त किया जा चुका है। प्रश्न पत्र वितरण हेतु नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जिससे परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्न पत्र सुरक्षित पहुंचाया जा सके।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।