• Home
  • खेल
  • यूएसए के झारेड हैक ने जीता एसईसीएल छत्तीसगढ़ ओपन 2026 का खिताब
झारेड हैक ने जीता एसईसीएल छत्तीसगढ़ ओपन

यूएसए के झारेड हैक ने जीता एसईसीएल छत्तीसगढ़ ओपन 2026 का खिताब

रायपुर, 6 फरवरी 2026। यूएसए के झारेड हैक ने शुक्रवार 6 फरवरी 2026 को ओपनर एसईसीएल छत्तीसगढ़ ओपन 2026 का खिताब पांच शॉट के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया। 1.5 करोड़ इनामी यह प्रतियोगिता फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिसॉर्ट, नया रायपुर छत्तीसगढ़ में खेली गई।

झारेड हैक (63-61-63-59), जो रातों-रात तीसरे स्थान पर थे और लीड से एक शॉट पीछे थे, ने अंतिम राउंड में 10-अंडर 59 का सनसनीखेज स्कोर बनाते हुए इस कोर्स का अब तक का सबसे कम सिंगल-राउंड स्कोर दर्ज किया।

लास वेगास निवासी झारेड, पिछले सप्ताह डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई क्वालिफाइंग स्कूल में उपविजेता रहे थे, ने नया रायपुर में पहले से मौजूद 60 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए कुल 30-अंडर 246 के साथ सबसे कम विजयी स्कोर का नया रिकॉर्ड भी कायम किया। पिछले वर्ष यह रिकॉर्ड शौर्य भट्टाचार्य के नाम 27-अंडर 249 था।

उपविजेता रहे अंशुल कबठियाल

भारत के अंशुल कबठियाल (62-61-63-65) ने 25-अंडर 251 के कुल स्कोर के साथ करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उपविजेता स्थान हासिल किया। रातों-रात संयुक्त बढ़त में रहे अंशुल ने अंतिम दिन बेदाग 4-अंडर 65 खेला।

हनी बैसोया (62-61-63-67), जो रातों-रात संयुक्त लीडर थे, 23-अंडर 253 के साथ तीसरे स्थान पर रहे। क्षितिज नवेद कौल (63), किशोर कार्तिक सिंह (64) और पूर्व पीजीटीआई नंबर-1 वीर अहलावत (65) 22-अंडर 254 के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे।

पहले दो दिनों के लीडर अक्षय शर्मा 21-अंडर 255 के साथ मोहम्मद अजहर के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर रहे।

कौन हैं झारेड हैक

36 वर्षीय झारेड हैक, जिन्होंने हाल ही में क्वालिफाइंग स्कूल में शानदार खेल दिखाया था, ने भारत की अपनी पहली यात्रा को और भी यादगार बनाते हुए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर अपने पहले ही स्टार्ट में जीत दर्ज की। इससे पहले झारेड कोर्न फेरी टूर, कनाडियन टूर और पीजीए टूर लातिनोअमेरिका पर खेल चुके हैं। उन्हें डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के बारे में अपने करीबी मित्र डोमिनिक पिचिरेल्लो से जानकारी मिली थी।

जीत के बाद झारेड ने कहा, डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर अपने पहले ही टूर्नामेंट में जीत हासिल करना बेहद खास है। पर्दे के पीछे की गई मेहनत पर मुझे गर्व है, जिसने मेरे खेल को नई ऊंचाई दी।