भूपेश बघेल की तीखी टिप्पणी पर सत्ता पक्ष के धरमजीत सिंह और अजय चन्द्राकर ने दिया समर्थन, अधिकारी दौड़े आए
रायपुर, 25 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में बुधवार को एक अनोखी और असहज स्थिति पैदा हो गई जब अधिकारी दीर्घा में सभी कुर्सियां खाली पड़ी दिखीं। राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता प्रस्ताव चल रहा था, लेकिन अधिकारीगण अनुपस्थित थे। विपक्ष की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तुरंत इसे मुद्दा बनाया।
उन्होंने सदन में सवाल उठाया कि जब महत्वपूर्ण चर्चा चल रही है, तो अधिकारी क्यों अनुपस्थित हैं? यह देख सत्ता पक्ष के सदस्य भी असहज नजर आए। आश्चर्यजनक रूप से, सत्ता पक्ष के ही सदस्य और कृतज्ञता प्रस्तावक धरमजीत सिंह ने भी भूपेश बघेल की बात का समर्थन किया, जिससे माहौल और गरमा गया।
इसके बाद सत्ता पक्ष के वरिष्ठ सदस्य अजय चंद्राकर ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए आसंदी पर बैठे सभापति धरमलाल कौशिक से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। सभापति के निर्देश पर अधिकारियों को सूचना मिलते ही खलबली मच गई। मुख्य सचिव विकासशील सहित कुछ वरिष्ठ अधिकारी भागे-भागे दीर्घा में पहुंचे और कुर्सियों पर बैठ गए।