Join US

जिन्दल स्टील ओडिशा में दो लौह अयस्क ब्लॉकों के लिए पसंदीदा बोलीदाता घोषित

रायपुर, 12 मार्च 2026। जाने-माने उद्योगपति नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली कंपनी जिन्दल स्टील लिमिटेड ने अपनी विकास यात्रा में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्र निर्माण को समर्पित जिन्दल स्टील को ओडिशा के क्योंझर जिले में दो प्रमुख लौह अयस्क ब्लॉकों के लिए पसंदीदा बोलीदाता घोषित किया गया है। ओडिशा सरकार ने दिसंबर 2025 में अधिसूचित 12 खनिज ब्लॉकों की आॅनलाइन नीलामी के सफल समापन के बाद यह घोषणा की है।

जिन्दल स्टील को पहले ठाकुरानी-ए-1 लौह अयस्क ब्लॉक का पसंदीदा बोलीदाता घोषित किया गया। यह ब्लॉक लगभग 202 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, इसमें जी-3 स्तर के लौह अयस्क की पुष्टि हुई है। इस ब्लॉक में लगभग 50 मिलियन टन लौह अयस्क का भंडार है। कंपनी ने इसके लिए सरकार को 101.20 प्रतिशत प्रीमियम देने का वचन दिया है।

दूसरा ब्लॉक रेंगाला बेरहा उत्तर-पूर्व विस्तार और नुआगांव पश्चिम ब्लॉक है, जो लगभग 84 हेक्टेयर में फैला हुआ है। इसमें जी-2 स्तर तक के लौह अयस्क की पुष्टि हुई है। यहां अनुमानित 38 मिलियन टनलौह अयस्क का भंडार है। इस ब्लॉक के लिए जिन्दल स्टील ने 111.15 प्रतिशत प्रीमियम देने का वचन दिया है।