चंदूलाल चंद्राकर की पत्रकारिता पर अमितेश ने किया रिसर्च, मिली पीएचडी उपाधि

रायपुर, 5 अप्रैल 2026। अमितेश सोनकर ने छत्तीसगढ़ के प्रख्यात पत्रकार रहे चंदूलाल चंद्राकर की पत्रकारिता पर रिसर्च किया है। उन्हें इसके लिए पीएचडी की उपाधि प्रदान की गयी है। अमितेश सोनकर वर्तमान में शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक हैं। वह मूल रुप से राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव तहसील अंतर्गत ग्राम रूदगांव के निवासी हैं। उन्होंने यह रिसर्च श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल विश्वविद्यालय, भिलाई से पूरा किया।

रिसर्च का मूल विषय छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता के प्रतिमान चंदूलाल चंद्राकर: एक अध्ययन रहा। अमितेश सोनकर ने यह रिसर्च सहायक प्राध्यापक डॉ. संजीव कुमार के निर्देशन में पूरा किया। विषय विशेषज्ञ बाह्य परीक्षा के रूप में एसोसिएशन प्रोफेसर, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर से डॉ. धीरज शुक्ला ने मार्गदर्शन किया।

सोनकर ने बताया कि शोध कार्य छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर चंदूलाल चंद्राकर के नाम से पत्रकारिता पुरस्कार दिया जाता है। उनके कार्यों को लेकर रिसर्च पूर्ण किया है। श्री चंद्राकर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने समाज एवं राज्य के नाम का परचम फहराने वाले निर्भीक, साहित्यिक एवं सामाजिक पत्रकार के रुप में जाने जाते हैं।

इस उपलब्धि का श्रेय डॉ. अमितेश कुमार ने अपने शोध निर्देशक डॉ. संजीव कुमार, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. धनेश जोशी, अपने पिता संतोष कुमार, माता श्याम कुमारी सोनकर, जीवन संगिनी सीमा सोनकर, बेटी श्रीवान्या सोनकर और भईया-भाभी को दिया।

उन्होंने कहा कि माता-पिता के आशीर्वाद और गुरु के कुशल निर्देशन से ही यह सफलता संभव हो पाई है। पीएचडी की उपाधि मिलने की खबर से उनके परिवार, ग्रामवासियों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।