गौरा (प्रतापगढ़), 6 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के विकास खंड गौरा के रामापुर बाजार की नेहा उमरवैश्य ने अपने पहले ही प्रयास में समीक्षा अधिकारी के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। नेहा की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखते हैं।
नेहा का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। उनके दादा आशाराम उमरवैश्य रामापुर बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी थे, जिनका निधन हो चुका है। इसके बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ तब टूटा, जब नेहा के पिता विष्णु उमरवैश्य भी इस दुनिया को अलविदा कह गए। पिता के साए के बिना आगे बढ़ना किसी भी बेटी के लिए आसान नहीं होता, लेकिन नेहा ने इन कठिनाइयों को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत बनाया।
सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाली नेहा ने अपनी पढ़ाई के दौरान कई चुनौतियों का सामना किया। पारिवारिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी ध्यान नहीं हटाया। दिन-रात मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उनकी इस सफलता के पीछे उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन का बड़ा योगदान रहा है।
नेहा की इस उपलब्धि से गौरा और रामापुर बाजार क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। नेहा ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी मुश्किल रास्ता नहीं रोक सकती।
नेहा ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों को दिया है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।