रायपुर, 7 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की उभरती गायिका अरुणिमा शर्मा के गायन की सराहना पद्मश्री बुधरी ताती ने की है। पद्मश्री बुधरी ताती ने गायन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम रौशन करने का आशीर्वाद 10 वर्षीय अरुणिमा शर्मा को दिया। यह अवसर रायपुर के वृन्दावन हाल में बुधवार 5 अगस्त 2026 को आयोजित दिव्यांग तीज मिलन उत्सव और सम्मान समारोह में आया। यहां कार्यक्रम में पद्मश्री बुधरी ताती विशेष रूप से पहुंची थीं। कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री ताती दस वर्षीय अरुणिमा शर्मा का मंच से गायन और वादन को लाइव देख कर उसकी मुरीद हो गईं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ वर्णिका शर्मा, महिला आयोग की अध्यक्षा ममता साहू, कलेक्टर डॉ गौरव सिंह भी उपस्थित थे। इस अनुठे कार्यक्रम की शुरुआत अरुणिमा के राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राजगीत के संगीतमय प्रस्तुति से हुई। राजधानी सहित प्रदेश भर से आये दिव्यांग महिलाओं और आमंत्रित सुधी जनों से भरे हाल में अरुणिमा ने ज़ब हारमोनियम वादन के साथ गायन प्रस्तुत किया तो उपस्थित लोग आश्चर्य चकित हो कर गए।
पद्मश्री बुधरी ताती ने तो मंच के नीचे अरुणिमा को अपने बांहों में भर लिया। अरुणिमा के गायकी की दिल खोलकर प्रशंसा की और कहा कि, बिटिया खूब आगे जाएगी और छत्तीसगढ़ का नाम पुरे देश में रोशन करेगी। अरुणिमा को उनकी गायकी और खूबसूरत प्रस्तुति के लिए कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के हाथों सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दिव्यांग महिलाओं को तीज मिलन उत्सव के अवसर पर तीज सामाग्रीयों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों ने भी सामूहिक नृत्य पर प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया।
