रायपुर, 18 अक्टूबर 2026। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना और बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने दूसरे टी20 मुकाबले में रायपुरियंस का दिल जीत लिया। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार महिला क्रिकेट का इंटरनेशनल मुकाबला खेला जा रहा है। संयोग है कि स्मृति मंधाना की कप्तानी का यह पहला टी20 मुकाबला रायपुर में जिम्बाब्वे की टीम के साथ खेला जा रहा है।
पहले मुकाबले में जीत तो भारतीय टीम ने हासिल की थी किंतु स्मृति मंधाना उस दिन अच्छा नहीं खेल सकी थीं। रविवार 18 अक्टूबर 2026 को खेले गये दूसरे मुकाबले में सलामी बल्लेबाज के रुप में उतरीं कप्तान स्मृति मंधाना और बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने ऐसी आतिशी पारी खेली कि पूरा मैच भारत के पक्ष में कर दिया।
टास जीतकर जिम्बाब्वे की महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 102 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम की ओर से कप्तान स्मृति मंधाना और बल्लेबाज शेफाली वर्मा सलामी बल्लेबाज के रुप में जिम्मेदारी संभाला। कप्तान स्मृति मंधाना 47 रन बनाकर नाबाद रहीं। शेफाली 55 रन बनाकर आउट हो गयी पर तब तक भारतीय टीम ने 102 रन का टारगेट हासिल कर लिया था।
