Highlights
- 60 जिलों के 400 से अधिक विद्यार्थियों को पीछे छोड़कर बनाई थी राष्ट्रीय स्तर पर फाइनल में जगह
प्रतापगढ़, 24 नवम्बर 2026। यूपी में प्रतापगढ़ जिले के 9वीं कक्षा के छात्र सक्षम सिंह ने राष्ट्रीय क्विज में परचम लहराकर जिले का नाम रौशन किया है। जयप्रकाश नारायण सर्वाेदय विद्यालय, प्रतापगढ़ के कक्षा-9 के छात्र सक्षम सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सक्षम ने 19 नवंबर 2026 को बेंगलुरु में आयोजित प्रतिष्ठित टीसीएस रूरल आईटी क्विज के राष्ट्रीय फाइनल में 70 अंक हासिल कर देशभर में चौथा स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ ही जिले का नाम भी रोशन हुआ है।
सक्षम सिंह ने राष्ट्रीय फाइनल तक पहुंचने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना किया। 27 अक्टूबर को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी में आयोजित उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय फाइनल में उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की की थी। इसी प्रतियोगिता में सर्वाेदय विद्यालय के एक अन्य छात्र किशेष पांडेय ने दूसरा स्थान हासिल किया था। प्रदेश के 60 जिलों के 400 से अधिक मेधावी विद्याथिर्यों के बीच अपनी प्रतिभा साबित करते हुए सक्षम ने राष्ट्रीय मंच तक का सफर तय किया।
समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित सर्वाेदय विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ ही उनकी प्रतिभा और कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पढ़ाई के साथ तकनीकी ज्ञान, तार्किक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है।
टीसीएस की ओर से वर्ष 2000 से आयोजित की जा रही रूरल आईटी क्विज ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सूचना प्रौद्योगिकी एवं डिजिटल तकनीक की समझ विकसित करने का अवसर देती है। इस प्रतियोगिता से विद्यार्थियों में समस्या समाधान, तार्किक सोच और टीम भावना जैसे गुणों का विकास होता है।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सर्वाेदय विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ तकनीकी और व्यावहारिक ज्ञान देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सक्षम सिंह की उपलब्धि प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और राष्ट्रीय मंच उपलब्ध हों।
गणित शिक्षक राजेश कुमार यादव के द्वारा प्रतियोगिता हेतु विगत छ: माह से तैयारी करायी गयी। छात्र के प्रतियोगिता से वापस आने पर आने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अखिलेश नारायण द्धारा छात्र सक्षम सिंह एवं शिक्षक राजेश यादव को प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन एवं कुशल नेतृत्व के लिये सम्मानित करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

