कम्युनिस्ट नेता सीताराम येचुरी का निधन, दिल्ली के एम्स में थे भर्ती

कम्युनिस्ट नेता सीताराम येचुरी का निधन, दिल्ली के एम्स में थे भर्ती

National

नई दिल्ली, 12 सितंबर 2024: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राष्ट्रीय महासचिव सीताराम येचुरी का गुरुवार 12 सितंबर 2024 को, 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पिछले कुछ दिनों से येचुरी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती थे और गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर थे। वे फेफड़ों के संक्रमण से जूझ रहे थे, जिसके कारण उन्हें सांस लेने में कठिनाई हो रही थी।

अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी स्थिति पर नज़र रख रही थी। हालांकि, अस्पताल ने अभी तक उनकी बीमारी की वास्तविक प्रकृति का खुलासा नहीं किया है। येचुरी को 19 अगस्त 2024 को सीने में संक्रमण और निमोनिया के लक्षणों के चलते एम्स में भर्ती कराया गया था। पहले उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही थी और धीरे-धीरे सुधार हो रहा था, लेकिन अचानक उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।

कौन थे सीताराम येचुरी

सीताराम येचुरी का जन्म चेन्नई में हुआ था। उन्होंने अपनी शिक्षा दिल्ली के स्टीफंस कॉलेज और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से अर्थशास्त्र में प्राप्त की। 1974 में वे स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) से जुड़े और एक साल बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) में शामिल हो गए।

येचुरी 1970 के दशक में तीन बार जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष रहे और आपातकाल के दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। अप्रैल 2015 में उन्हें सीपीआई (एम) की पोलित ब्यूरो की केंद्रीय समिति का महासचिव नियुक्त किया गया। 2017 में उनका दूसरा राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हुआ था।

सीताराम येचुरी के निधन से भारतीय राजनीतिक जगत ने एक प्रमुख विचारक और अनुभवी नेता को खो दिया है। उनका राजनीतिक और सामाजिक योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा।