खेल

मांधाता की बीडीओ श्रुति शर्मा के खिलाफ प्रधानों ने खोला मोर्चा, किया प्रदर्शन

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जनवरी 28, 2025
1 min read • 1.2k views
मांधाता की बीडीओ श्रुति शर्मा के खिलाफ प्रधानों ने खोला मोर्चा, किया प्रदर्शन

प्रतापगढ़, 28 जनवरी 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले के मान्धाता ब्लॉक में भ्रष्टाचार और मनमानी को लेकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) श्रुति शर्मा के खिलाफ प्रधानों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्राम प्रधानों का साथ ग्राम विकास अधिकारी भी दे रहे हैं। प्रधान और ग्राम विकास अधिकारियों ने एकजुट होकर मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए उनके तत्काल तबादले की मांग की है।

प्रधानों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बीडीओ श्रुति शर्मा पिछले छह महीनों से मान्धाता ब्लॉक में पदस्थ हैं और ज्वाइनिंग के बाद से ही ग्राम पंचायत और मनरेगा के विकास कार्यों के निरीक्षण के नाम पर अवैध वसूली कर रही हैं। विरोध करने वाले प्रधानों और सचिवों को उनके कार्यों में अनियमितता दिखाकर कार्रवाई की धमकी दी जाती है।

प्रधानों का कहना है कि बीडीओ मैडम अपने चहेते ठेकेदारों से काम कराने और सामग्री आपूर्ति का दबाव बनाती हैं। ऐसा न करने पर ग्राम पंचायत निधि से एक निश्चित रकम की मांग की जाती है। प्रधानों ने यह भी आरोप लगाया कि बीडीओ दोपहर बाद ब्लॉक छोड़ देती हैं, जिससे समस्याओं का समाधान लंबित रहता है।

ग्राम विकास अधिकारी भी परेशान

ग्राम विकास अधिकारियों ने भी बीडीओ के खिलाफ मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीडीओ श्रुति शर्मा शासकीय कार्यों के बावजूद कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न करती हैं। अनावश्यक बैठकों में बुलाकर देर रात तक काम करने के लिए मजबूर किया जाता है और अनुपस्थिति पर वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई की धमकी दी जाती है।

28 जनवरी की सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रधान और अधिकारी विकास भवन परिसर में इकट्ठा हुए और बीडीओ के खिलाफ एकजुटता दिखाई। ज्ञापन सौंपने के बाद उन्होंने मीडिया के सामने अपनी समस्याएं रखीं।

बीडीओ श्रुति शर्मा के खिलाफ जनता और राजनीतिक गलियारों में भी नाराजगी है। लोगों ने बीडीओ पर मान्धाता ब्लॉक को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए उनके तत्काल तबादले की मांग की।

प्रधानों ने आरोप लगाया कि बीडीओ ने हाल ही में एक पत्रकार और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज करवाए हैं। पीड़ितों ने बीडीओ पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस ने अब तक बीडीओ के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

यह मामला जिले में पहली बार है, जब ग्राम प्रधान और अधिकारी एक साथ किसी बीडीओ के खिलाफ मोर्चा खोलते नजर आ रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।