छत्तीसगढ़ में खुलेगा केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान

Chhattisgarh
  • केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने मीडिया ब्रीफिंग में दी जानकारी

रायपुर, 28 सितंबर 2024। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय योग प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (सीआरआईवाईएन) की स्थापना होगी। इसके लिए प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस बात की जानकारी केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने नई दिल्ली में आयोजित मीडिया ब्रीफिंग में दी। श्री जाधव ने 27 सितंबर 2024 को दिल्ली में मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में आयुष मंत्रालय की पहले 100 दिनों की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में मंत्रालय ने पारंपरिक भारतीय चिकित्सा को बढ़ावा देने और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग में आयुष को मजबूत करने में उल्लेखनीय प्रगति की है।

श्री जाधव ने कहा कि योग और प्राकृतिक चिकित्सा पर तीन केंद्रीय अनुसंधान संस्थान स्थापित किये जाएंगे। यह तीनों केंद्रीय अनुसंधान संस्थान क्रमश: ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में स्थापित किये जाएंगे। इन राज्यों में केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (सीआरआईवाईएन) स्थापित करने की प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान का निर्माण आयुष मंत्रालय के अधीन किया जाएगा। यह एक शीर्ष स्तरीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान व शिक्षा केंद्र होगा। इस परियोजना के माध्यम से तृतीयक स्तर के योग और प्राकृतिक चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा से संबंधित बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा।

रोगों से बचाव के लिए योग, आयुर्वेद और स्वच्छता पर ध्यान केंद्रित किया गया है। हमने पारंपरिक भारतीय चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, दोनों को बढ़ावा दिया है।