साहित्य का नोबेल पुरस्कार

साहित्य का नोबेल पुरस्कार 2024: दक्षिण कोरिया की लेखिका हान कांग को मिला पुरस्कार

Education

स्टाकहोम, 10 अक्टूबर 2024। साहित्य के क्षेत्र में 2024 का नोबेल पुरस्कार दक्षिण कोरिया की प्रसिद्ध लेखिका हान कांग को दिया गया है। वह इस प्रतिष्ठित सम्मान को पाने वाली पहली दक्षिण कोरियाई महिला हैं। हान कांग को उनके गहन काव्यात्मक गद्य के लिए यह पुरस्कार दिया गया, जो ऐतिहासिक आघातों का सामना करता है और मानव जीवन की नाजुकता को बखूबी दर्शाता है। नोबेल पुरस्कार समिति ने कहा कि हान कांग की रचनाओं में मानव जीवन की नाजुकता का मार्मिक चित्रण है, जो पाठकों को गहराई से प्रभावित करता है।

क्यों मिला हान कांग को नोबेल पुरस्कार?

नोबेल समिति ने बताया कि हान कांग ने शरीर और आत्मा, जीवित और मृत के बीच संबंधों के बारे में अनूठी दृष्टि प्रस्तुत की है। उनकी लेखनी काव्यात्मक और प्रयोगात्मक है, जिसने समकालीन गद्य में नवोन्मेष की दिशा में नया अध्याय खोला है। समिति ने 2019 में प्रकाशित उनकी लघु कहानी “यूरोपा” का भी उल्लेख किया, जिसमें एक पुरुष कथाकार जो खुद को एक महिला के रूप में प्रच्छन्न करता है, एक रहस्यमय महिला की ओर आकर्षित होता है, जो एक असफल विवाह से अलग हो चुकी है।

कौन हैं हान कांग?

हान कांग का जन्म 1970 में दक्षिण कोरिया के ग्वांगजू में हुआ था। वह 9 साल की उम्र में सियोल चली गईं। उनके पिता भी एक प्रतिष्ठित उपन्यासकार हैं, जिससे लेखन की प्रेरणा उन्हें बचपन से ही मिली। हान कांग ने न केवल लेखन में बल्कि कला और संगीत में भी रुचि दिखाई, जिसका प्रभाव उनकी साहित्यिक कृतियों में साफ नजर आता है। 1993 में उन्होंने “लिटरेचर एंड सोसाइटी” पत्रिका में अपनी कई कविताओं के प्रकाशन से अपने करियर की शुरुआत की थी। 1995 में उनका पहला लघु कहानी संग्रह प्रकाशित हुआ।

नोबेल पुरस्कारों की शुरुआत

नोबेल पुरस्कारों की शुरुआत 1901 में हुई थी। यह पुरस्कार हर साल उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने मानवता की भलाई और विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया हो। यह पुरस्कार भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, चिकित्सा, साहित्य और शांति के क्षेत्र में दिया जाता है। साथ ही, अर्थशास्त्र में भी नोबेल मेमोरियल पुरस्कार प्रदान किया जाता है, जो कि अन्य नोबेल पुरस्कारों के समान है।