न्यायमूर्ति संजीव खन्ना होंगे भारत के 51वें चीफ जस्टिस

प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ ने अपने उत्तराधिकारी का नाम तय किया

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर 2024। देश के चीफ जस्टिस डी. वाई. चंद्रचूड़ ने अपने उत्तराधिकारी का नाम तय कर दिया है। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना भारत के 51वें चीफ जस्टिस होंगे। प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ ने सर्वोच्च न्यायालय में अपने बाद वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव खन्ना के नाम की सिफारिश केंद्र सरकार से की है।

न्यायमूर्ति संजीव खन्ना के नाम की सिफारिश वाला पत्र प्रधान न्यायाधीश चंद्रचूड़ ने बुधवार 16 अक्टूबर 2024 को केंद्रीय विधि मंत्रालय को लिखा है। न्यायमूर्ति खन्ना 11 नवंबर 2024 को प्रधान न्यायाधीश बनेंगे और 13 मई, 2025 को सेवानिवृत्त हो जाएंगे।

जानें न्यायमूर्ति संजीव खन्ना के बारे में

14 मई 1960 को जन्मे न्यायमूर्ति खन्ना ने दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय के ‘कैम्पस लॉ सेंटर’ से कानून की पढ़ाई की है। वह बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में 1983 में पंजीकृत हुए। उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय में कराधान, मध्यस्थता, वाणिज्यिक कानून, पर्यावरण कानून, चिकित्सा लापरवाही कानून और कंपनी कानून जैसे मामलों पर वकालत की।

न्यायमूर्ति संजीव खन्ना को 2005 में दिल्ली उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था। उन्हें 20 फरवरी 2006 को स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। दिल्ली हाई कोर्ट में न्यायमूर्ति खन्ना दिल्ली न्यायिक अकादमी, दिल्ली अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता केंद्र और जिला अदालत मध्यस्थता केंद्र आदि से जुड़े थे।

इसें भी पढें : भारत और मालदीव स्थानीय मुद्राओं में करेंगे कारोबार