रायपुर, 1 अगस्त 2025। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव कुणाल दुबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नगर निगम जोन क्रमांक-10, अमलीडीह रायपुर के जोन कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अमलीडीह क्षेत्र में लंबे समय से लंबित एक्सप्रेस वे जॉइंट रोड निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि इस सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय है, जिससे आम नागरिकों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में जलभराव, ट्रैफिक जाम, और दुर्घटनाओं की संभावनाएं लगातार बनी हुई हैं। वहीं दूसरी ओर वार्ड के अंतर्गत आने वाली अन्य बुनियादी समस्याएं, जैसे नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, साफ-सफाई व्यवस्था तथा पेयजल संकट आदि की ओर भी नगर निगम का ध्यान आकर्षित किया गया।
कुणाल दुबे ने कहा कि यदि नगर निगम शीघ्र इन समस्याओं का समाधान नहीं करता, तो एनएसयूआई चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस मौके पर एनएसयूआई के प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल, जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर खान, जिला महासचिव संस्कार पांडेय, तनिष्क मिश्रा, रोहन बाग समेत कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।













