रायपुर, 29 अगस्त 2025 । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 30 अगस्त से 1 सितंबर तक AEEMF (Association of East Event Management Fraternity) द्वारा आयोजित कॉन्फ्लुएंस 2025 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन नया रायपुर को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की छत्तीसगढ़ शासन की दूरदर्शी योजना के लिए मील का पत्थर साबित होगा। तीन दिनों तक मैफेयर लेक रिसॉर्ट्स एन, रायपुर में चलने वाले इस आयोजन में देश भर से प्रसिद्ध वेडिंग और इवेंट प्लानर हिस्सा लेंगे, साथ ही बॉलीवुड के मशहूर कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
आयोजन की शुरुआत 30 अगस्त को धूमधाम से होगी। ‘बैंड बाजा बारात’ थीम पर आधारित फेक वेडिंग के साथ देश के प्रसिद्ध जिया बैंड की बारात निकलेगी। इसके बाद वेडिंग और इवेंट सेवा प्रदाताओं के लिए अवार्ड समारोह और सूफी बैंड ‘सूफियत’ की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति होगी। दूसरे दिन देश भर से आए विशेषज्ञ वेडिंग और इवेंट प्लानिंग के नए ट्रेंड्स और उनकी उपयोगिता पर सत्रों में चर्चा करेंगे। EEMAC (इवेंट एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़) और AVL (ऑडियो विजुअल एंड लाइट ओनर्स एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़) के सदस्यों द्वारा “छत्तीसगढ़ में समृद्ध इवेंट इंडस्ट्री का निर्माण: हितधारकों के दृष्टिकोण और सहयोगी समाधान” विषय पर विशेष सत्र आयोजित होगा।
दूसरे दिन की शाम बॉलीवुड नाइट में मुंबई के मशहूर बैंड ‘बॉली जैमर्स’ अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजन का समापन 1 सितंबर को वेडिंग और इवेंट प्लानर्स के लिए अवार्ड समारोह के साथ होगा, जिसमें मशहूर कलाकार काइनात अरोरा और बॉलीवुड के एक प्रसिद्ध गायक अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। यह आयोजन न केवल रायपुर को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभारने में मदद करेगा, बल्कि इवेंट इंडस्ट्री के पेशेवरों को नए अवसर और सहयोग का मंच भी प्रदान करेगा। कॉन्फ्लुएंस 2025 रायपुर को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।













