• Home
  • छत्तीसगढ़
  • सालेम इंग्लिश स्कूल में अल्पसंख्यक समुदाय की योजनाओं पर दी गयी जानकारी
सालेम इंग्लिश स्कूल में अल्पसंख्यक समुदाय की योजनाओं पर दी गयी जानकारी

सालेम इंग्लिश स्कूल में अल्पसंख्यक समुदाय की योजनाओं पर दी गयी जानकारी

रायपुर, 20 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सालेम इंग्लिश स्कूल में शनिवार 20 सितंबर को महत्वपूर्ण जागरूकता संगोष्ठी हुई। यह आयोजन चर्च आफ नॉर्थ इंडिया (सीएनआई), छत्तीसगढ़ डायोसीज के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक समुदायों को केंद्र सरकार की कल्याणकारी एवं शैक्षिक योजनाओं से परिचित कराया गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और समुदाय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एक स्वर से शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा हथियार मानते हुए इन योजनाओं का लाभ उठाने का संकल्प लिया।

संगोष्ठी में गेस्ट स्पीकर्स अल्बर्ट कुजूर और श्रीमती शालिनी टोप्पो ने विभिन्न सरकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना की उप-योजनाओं सीखो और कमाओ, नई रोशनी, नई मंजिल, उस्ताद और हमारी धरोहर पर जोर दिया। पीएम विकास योजना, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय द्वारा संचालित एक एकीकृत स्किलिंग पहल है, जो पांच पूर्व योजनाओं सीखो और कमाओ, नई मंजिल, नई रोशनी, हमारी धरोहर तथा उस्ताद को एकीकृत करती है।

वक्ताओं ने जोर दिया कि ये योजनाएं न केवल कौशल विकास और रोजगार के द्वार खोलती हैं, बल्कि भारत की पारंपरिक कलाओं को नई ऊर्जा प्रदान करके सांस्कृतिक संरक्षण भी सुनिश्चित करती हैं। कार्यक्रम में प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान करने वाली उपस्थिति में सीएनआई डायोसीज की बिशप, द राइट रेव. डॉ. सुषमा कुमार और डायोसीज सेक्रेटरी नितिन लॉरेंस प्रमुख थे।

अन्य उपस्थितों में जयदीप रॉबिन्सन (सेक्रेटरी, सीडीबीई), प्रविन दयाल (ट्रेजरर), रेव. सुबोध कुमार, सुशील मसीह, रेव. असीम विक्रम, रेव. हेमंत टिमोथी, श्रीमती पी. मिंज, प्रभारी प्राचार्या संत पॉल्स इंग्लिश स्कूल श्रीमती के.के. सिंग तथा सालेम इंग्लिश हाई स्कूल सीजी बोर्ड की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती के.के. सिंग शामिल रहीं।

सालेम स्कूल की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती रुपिका लॉरेंस ने मंच से छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, आज का यह आयोजन केवल एक संगोष्ठी नहीं, बल्कि एक आंदोलन है। अगर हमारे बच्चे शिक्षित होंगे, आत्मनिर्भर होंगे, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत होगा। हमें इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने बच्चों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना है। उनके शब्दों ने उपस्थितजनों में जोश भर दिया।