देश

इथियोपिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On दिसम्बर 17, 2025
1 min read • 1.2k views
asr24news

नई दिल्ली, 17 दिसंबर 2025। इथियोपिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने देश के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से नवाज़ा है। यह सम्मान दोनों देशों के बीच मजबूत होते रणनीतिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक रिश्तों का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मान की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इथियोपिया की जनता, सरकार और प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के प्रति आभार व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि उन्हें ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ़ इथियोपिया’ से सम्मानित किया जाना उनके लिए अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे पुरानी और समृद्ध सभ्यताओं में से एक द्वारा सम्मानित होना व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत के करोड़ों लोगों का सम्मान है। यह सम्मान उन अनगिनत भारतीयों को समर्पित है, जिन्होंने बीते वर्षों में भारत-इथियोपिया साझेदारी को आकार दिया और उसे मजबूत किया।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में यह भी रेखांकित किया कि भारत और इथियोपिया के संबंध केवल कूटनीतिक नहीं हैं, बल्कि सभ्यतागत जुड़ाव पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संपर्क, साझा मूल्य और विकास की समान आकांक्षाएं इन रिश्तों को विशेष बनाती हैं। उन्होंने कहा कि भारत बदलती वैश्विक चुनौतियों से निपटने और नए अवसरों के सृजन के लिए इथियोपिया के साथ सहयोग को और गहरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बता दें इथियोपिया अफ्रीका का एक प्रमुख देश है और अफ्रीकी संघ का मुख्यालय भी यहीं स्थित है। ऐसे में यह सम्मान भारत की अफ्रीका नीति को नई ऊर्जा देने वाला है। बीते वर्षों में भारत ने अफ्रीकी देशों के साथ व्यापार, निवेश, क्षमता निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल सहयोग के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। इथियोपिया के साथ भी कृषि, फार्मास्यूटिकल्स, आईटी, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान उन अनगिनत भारतीयों का है जिन्होंने हमारी साझेदारी को आकार दिया। 1896 के संघर्ष में सहयोग देने वाले गुजराती व्यापारी हों, इथियोपियन मुक्ति के लिए लड़ने वाले भारतीय सैनिक हों, या शिक्षा और निवेश के माध्यम से भविष्य संवारने वाले भारतीय शिक्षक और उद्योगपति। और यह सम्मान उतना ही इथियोपिया के हर उस नागरिक का भी है जिसने भारत पर विश्वास रखा और इस संबंध को हृदय से समृद्ध किया।

पिछले महीने जब हम साउथ अफ्रीका में G20 समिट के दौरान मिले थे, तो आपने बहुत स्नेह और अधिकार से मुझसे इथियोपिया की यात्रा करने का आग्रह किया था। मैं अपने मित्र, अपने भाई का ये स्नेह-निमंत्रण भला कैसे टाल सकता था। इसीलिए पहला मौका मिलते ही, मैंने इथियोपिया आने का निश्चय किया।

ये विज़िट अगर नॉर्मल डिप्लमैटिक तौर तरीके से होती तो शायद बहुत समय लग जाता। लेकिन आप लोगों का यही प्यार और अपनापन मुझे, 24 ही दिन में यहाँ खींच लाया।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।