कुनकुरी में बनेगा 220 बिस्तरों की क्षमता वाला अत्याधुनिक अस्पताल, निविदा जारी

कुनकुरी में बनेगा 220 बिस्तरों की क्षमता वाला अत्याधुनिक अस्पताल, निविदा जारी

Chhattisgarh

रायपुर, 30 अगस्त 2024। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जशपुर जिले के कुनकुरी में 220 बिस्तरों की क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल के भवन निर्माण के लिए राज्य सरकार ने निविदा जारी कर दी है। इस परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 32 करोड़ 9 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। उल्लेखनीय है कि विष्णु देव साय सरकार ने अपने बजट में इस अस्पताल के निर्माण की घोषणा की थी, और अब इसके लिए आवश्यक धनराशि की स्वीकृति मुख्यमंत्री द्वारा दी गई है।

आदिवासी बाहुल्य जशपुर जिले के लिए यह अस्पताल एक मील का पत्थर साबित होगा। सरकार की योजना है कि भविष्य में इस अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित किया जाए। ज्ञात हो कि पिछले वर्ष दिसंबर में राज्य की बागडोर संभालने के बाद से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

शपथ ग्रहण के तुरंत बाद ही उन्होंने एंबुलेंस सेवा में सुधार के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे, जिसके तहत जरूरतमंद मरीजों को आधे घंटे के भीतर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने को कहा गया था।

मुख्यमंत्री ने केबिनेट की पहली बैठक में ही प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों के लिए सस्ती जेनरिक दवाओं की अनिवार्य उपलब्धता का निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिया था। बीते 8 माह के कार्यकाल में जशपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है।

कुनकुरी में प्रस्तावित 220 बिस्तरों वाले अस्पताल के साथ ही मरीजों की सुविधा के लिए 25 अतिरिक्त एंबुलेंस और एक शव वाहन की व्यवस्था की गई है। साथ ही 7 उप स्वास्थ्य केंद्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा देते हुए, आवश्यक मानव संसाधन की स्वीकृति भी प्रदान की गई है। जिले में 19 एमबीबीएस चिकित्सक और 7 विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना कर चिकित्सकों की कमी को दूर करने के महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

अस्पतालों में मशीनों की कमी को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने 2 करोड़ 32 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इस राशि से कुनकुरी में डायलिसिस केंद्र शुरू करने के साथ ही जशपुर, मनोरा, लोदाम, और बगीचा के अस्पतालों में आवश्यक उपकरणों की खरीद की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा है कि जशपुर जिले को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि मरीजों और उनके स्वजनों को उपचार के लिए अन्यत्र भटकना न पड़े।