बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने मनाया 57वां जन्मदिन

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने मनाया 57वां जन्मदिन

Bollywood

मुंबई, 9 सितंबर 2024। बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता अक्षय कुमार आज 57 वर्ष के हो गए। उनका असली नाम राजीव भाटिया है, और उनका जन्म 9 सितंबर 1967 को पंजाब के अमृतसर में एक मध्यम वर्गीय पंजाबी परिवार में हुआ था। उनका बचपन दिल्ली में बीता, और पढ़ाई पूरी करने के बाद वे बैंकॉक चले गए, जहां उन्होंने बावर्ची का काम किया।

बैंकॉक में ही उन्होंने मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग ली। इसके बाद अक्षय कुमार मुंबई आ गए और मार्शल आर्ट ट्रेनर के रूप में काम करने लगे। इसी दौरान उनकी मुलाकात फिल्म निर्माता प्रमोद चक्रवर्ती से हुई, जिन्होंने उन्हें अपनी फिल्म दीदार में काम करने का मौका दिया, हालांकि उनकी पहली रिलीज फिल्म सौगंध थी।

अक्षय कुमार के करियर में बड़ा मोड़ तब आया जब निर्देशक अब्बास मस्तान ने उन्हें अपनी फिल्म खिलाड़ी (1992) में कास्ट किया। यह रहस्य और रोमांच से भरपूर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई, और अक्षय को फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने का मौका मिला।

इसके बाद उन्हें “खिलाड़ी कुमार” के नाम से प्रसिद्धि मिली। फिल्म की सफलता के बाद अक्षय ने मै खिलाड़ी तू अनाड़ी, सबसे बड़ा खिलाड़ी, खिलाड़ियों का खिलाड़ी, मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी, इंटरनेशनल खिलाड़ी और खिलाड़ी 420 जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया।

वर्ष 1994 अक्षय के करियर का एक महत्वपूर्ण साल साबित हुआ। इस साल उनकी ये दिल्लगी, मोहरा, सुहाग, एलान और मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी जैसी सुपरहिट फिल्में रिलीज हुईं। यश चोपड़ा द्वारा निर्मित ये दिल्लगी में शानदार अभिनय के लिए अक्षय को पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया। मोहरा और मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी ने भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की।

अक्षय कुमार ने न केवल एक्शन फिल्मों में सफलता पाई, बल्कि कॉमेडी और नकारात्मक भूमिकाओं में भी अपनी जगह बनाई। 1997 में रिलीज हुई दिल तो पागल है में छोटी भूमिका के बावजूद उन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित हुए।

2000 में आई फिल्म हेराफेरी में अक्षय ने अपनी कॉमिक टाइमिंग से लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया। फिल्म की सफलता के बाद इसका सीक्वल फिर हेराफेरी भी आया, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रहा। 2001 में अक्षय ने अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना से शादी की।

वर्ष 2007 अक्षय के करियर का सबसे सफल साल रहा, जिसमें नमस्ते लंदन, हे बेबी, वेलकम और भूलभुलैया जैसी हिट फिल्में रिलीज हुईं। नमस्ते लंदन में बेहतरीन अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया। 2008 में रिलीज हुई सिंह इज किंग ने भी बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाई और अक्षय ने अपनी रोमांटिक और कॉमिक शैली से दर्शकों का दिल जीता।

अक्षय कुमार ने अभिनय के साथ-साथ फिल्म निर्माण में भी हाथ आजमाया। उन्होंने जोकर, ओ माई गॉड, पटियाला हाउस, खिलाड़ी 786 और द बॉस जैसी फिल्मों का निर्माण किया। 2015 में उनकी बेबी, गब्बर इज बैक, ब्रदर्स और सिंह इज ब्लिंग जैसी हिट फिल्में आईं, जबकि 2016 में एयरलिफ्ट, हाउसफुल 3 और रुस्तम ने 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की।

अक्षय की हालिया हिट फिल्मों में जॉली एलएलबी 2, टॉयलेट: एक प्रेम कथा, पैडमैन, गोल्ड, 2.0, केसरी, मिशन मंगल, गुड न्यूज और लक्ष्मी शामिल हैं। 2.0 में अक्षय ने रजनीकांत के साथ नेगेटिव रोल निभाया। उनकी फिल्म राम सेतु, रक्षाबंधन, सेल्फी, ओ माई गॉड 2 और मिशन रानीगंज ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया।

आने वाले समय में अक्षय की कई बड़ी फिल्में रिलीज होने वाली हैं, जिनमें स्काईफोर्स, वेलकम टू द जंगल, जॉली एलएलबी 3 और हेराफेरी 3 शामिल हैं। अक्षय कुमार की फिल्मी यात्रा जारी है और वह अब भी बॉलीवुड के सबसे प्रमुख और लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक हैं।