रायपुर, 9 फरवरी 2026। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश से नक्सलवाद के खात्मे की फाइनल प्लानिंग कर दी। उन्होंने 8 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ कर राजधानी रायपुर में अफसरों के साथ दिनभर मंथन किया। सुरक्षा बल के अधिकारियों की बात सुनी, अपनी ओर से उन्हें निर्देश दिये। उन्होंने एक बार फिर जोर देकर कहा कि 31 मार्च 2026 को देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त हो जाएगा।
अफसरों के साथ हुई बैठक में श्री शाह ने स्पष्ट कहा कि माओवादियों के खिलाफ चल रही लड़ाई बिखरी हुई नहीं होनी चाहिए। विभिन्न राज्यों और केन्द्रीय एजेंसियों के बीच सुचारू समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि शेष बचे माओवादियों को अन्य राज्यों में भागने नहीं दिया जाना चाहिए।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को विकास के समान अवसर प्राप्त हों।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में नक्सलवाद अंत के कगार पर पहुंच चुका है और 31 मार्च 2026 से पहले देश पूरी तरह नक्सल-मुक्त हो जाएगा।
बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केन्द्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (IB) के निदेशक, गृह मंत्रालय के विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा), मुख्य सचिव, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), सीमा सुरक्षा बल (BSF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक तथा छत्तीसगढ़, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र के गृह सचिव एवं पुलिस महानिदेशक उपस्थित थे।














