सुल्तानपुर डकैती कांड: पुलिस मुठभेड़ में एक और लुटेरा ढेर, 4 अब भी फरार

सुल्तानपुर डकैती कांड: एक और लुटेरा ढेर, 4 अब भी फरार

Crime

सुल्तानपुर, 23 सितंबर 2024। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में हुए बहुचर्चित भरत सोनी जी ज्वैलर्स डकैती कांड में फरार चल रहा एक और आरोपी पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ सोमवार 23 सितंबर 2024 को तड़के उन्नाव जनपद के अचलगंज थाना क्षेत्र के बेथर में यूपी STF की लखनऊ यूनिट और स्थानीय पुलिस के साथ हुई।

मारे गए बदमाश की पहचान अमेठी जिले के जनापुर निवासी अनुज प्रताप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अनुज प्रताप सिंह के सिर में गोली लगी थी, जिसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बदमाश पर एक लाख रुपये का इनाम था।

अब तक का घटनाक्रम

सुल्तानपुर में 28 अगस्त 2024 को दिनदहाड़े भरत सोनी जी ज्वैलर्स के यहां डेढ़ करोड़ रुपये की डकैती हुई थी। इस मामले में पुलिस ने अब तक 14 आरोपियों की शिनाख्त की है, जिनमें से 9 को गिरफ्तार किया जा चुका है और दो की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है।

इससे पहले STF ने एक अन्य डकैत मंगेश यादव को मुठभेड़ में मार गिराया था। तीन दिन पहले ही एक और आरोपी अजय यादव को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया था। अब एक और आरोपी अनुज प्रताप सिंह भी मुठभेड़ में मारा गया है।

सियासत जारी

इस मामले को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरम है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने STF की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि STF जाति देखकर एनकाउंटर कर रही है।

चार आरोपी अभी भी फरार

डकैती कांड के अब भी चार आरोपी अरबाज, फुरकान, अंकित यादव और एक अज्ञात व्यक्ति फरार हैं। इन सभी पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस लगातार उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

मुख्य घटनाएं

  • 29 अगस्त : मास्टरमाइंड विपिन सिंह ने रायबरेली की गैंगस्टर कोर्ट में सरेंडर किया।
  • 3 सितंबर : पुलिस मुठभेड़ में त्रिभुवन, पुष्पेंद्र और सचिन घायल हुए।
  • 5 सितंबर : मंगेश यादव मुठभेड़ में मारा गया।
  • 11 सितंबर : चार आरोपी दुर्गेश सिंह, विनय शुक्ला, विवेक सिंह और अरविंद यादव को गिरफ्तार किया गया।
  • 20 सितंबर : अजय यादव उर्फ डीएम गिरफ्तार हुआ।