बालकोनगर, 27 सितम्बर 2025। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) छत्तीसगढ़ के युवाओं को नि:शुल्क कोचिंग देगा। इसके लिए बालको ने पाथ आईएएस अकादमी के साथ करार किया है। सामुदायिक विकास परियोजना के तहत बालको ने यह महत्वाकांक्षी पहल की है। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को सीजीपीएससी और व्यापम परीक्षाओं की उच्चस्तरीय तैयारी में मदद करना है। इस कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के चयनित युवाओं को पूरी तरह नि:शुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम की विशेषताएं
- पाथ आईएएस अकादमी के अनुभवी एवं विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा शिक्षण।
- विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार अनुकूलित पाठ्यक्रम।
- विस्तृत अध्ययन सामग्री और संदर्भ पुस्तकें।
- मॉक टेस्ट, नियमित मूल्यांकन और शंकाओं का त्वरित समाधान।
- कार्यक्रम पूर्णतः प्रायोजित होगा, जिससे छात्रों पर किसी भी प्रकार का वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।
- छत्तीसगढ़ के युवाओं को सार्वजनिक सेवा में करियर बनाने का सुनहरा अवसर।
पंजीयन और परीक्षा की जानकारी
बालको ने सभी इच्छुक और पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। पंजीयन की अंतिम तिथि 1 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। इसके बाद 03 अक्टूबर 2025 को प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसका केंद्र सद्दा कन्याशाला स्कूल, कोरबा रहेगा।
कार्यक्रम से जुड़ी एक महत्वपूर्ण शर्त यह है कि जो प्रतिभागी 21 सितम्बर को आयोजित ‘कनेक्ट कोचिंग प्रवेश परीक्षा’ में भाग ले चुके हैं, उन्हें दोबारा पंजीयन करने की आवश्यकता नहीं है।














