24 फरवरी से शुरू होगा विधानसभा का बजट सत्र, पूरी तरह डिजिटलाइज होगा नया विधानसभा भवन
रायपुर, 23 फरवरी 2025। छत्तीसगढ़ की षष्टम विधानसभा का बजट सत्र सोमवार 24 फरवरी से शुरू होगा। यह सत्र 21 मार्च को खत्म होगा। सत्र में 17 बैठकें प्रस्तावित हैं। बजट सत्र प्रारंभ होने से पूर्व रविवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मीडिया से रूबरू हुए और सत्र संबंधी जानकारी प्रदान की।
उन्होंने बताया कि सत्र की अवधि खत्म होने के बाद विधायकों के लिए भारतीय प्रबंध संस्थान में प्रशिक्षण का कार्यक्रम होगा। इसके उपरान्त विधायकों को संसदीय परंपरा का अध्ययन करने के लिए लंदन भ्रमण पर ले जाने की भी योजना है। उन्होंने यह भी बताया कि बजट के पहले दिन की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी।
इस मौके पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन का उल्लेख होगा और उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। पहले दिन की कार्यवाही के उपरान्त विधायकों का दल मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के साथ नई विधानसभा के भवन का अवलोकन करने जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष के अंत तक विधानसभा को नया भवन मिल जाएगा। नया भवन पूरी तरह से डिजिटलाइज रहेगा।
पत्रकारों के लिए भी कराएंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम
एक सवाल के जवाब में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि विधानसभा के सत्र का कवरेज करने वाले पत्रकारों के लिए भी प्रशिण कार्यक्रम का आयोजन कराने की तैयारी है। इस कार्यक्रम का भी आयोजन विधायकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद किया जाएगा। इस पर विचार किया जा रहा है।
3 मार्च को वित्त मंत्री पेश करेंगे बजट
बजट सत्र के निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार 24 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के तृतीय अनुपूरक अनुमान का उपस्थापन होगा। इसके मांगों पर चर्चा 25 फरवरी को की जाएगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी 3 मार्च को वर्ष 2025-26 के आया व्ययक का उपस्थापन अपरान्ह 12.30 बजे करेंगे।
वित्तमंत्री के बजट भाषण का दूरदर्शन और आकाशवाणी से सीधा प्रसारण किया जाएगा। 4 और 5 मार्च को बजट पर सामान्य चर्चा होगी। 6 से 19 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी। 19 मार्च को विनियोग विधेयक का पुर:स्थापन होगा। मांगों से संबंधित विनियोग विधेयक पर चर्चा एवं पारण के लिए 20 मार्च की तिथि निर्धारित की गयी है।
विधायकों ने लगाए 2367 प्रश्न
बजट सत्र में विधायकों ने 2367 प्रश्न लगाये हैं। इनमें 1220 तारांकित और 1147 अतारांकित हैं। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की 122 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। नियम 139 के अधीन एक, अशासकीय संकल्प की 18, शून्यकाल की 12 और याचिका की 60 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।
विपक्ष हंगामा की जगह चर्चा में शामिल हो
एक सवाल के जवाब में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विपक्ष से आग्रह किया है कि सत्र में हंगामा करने के बजाया वह चर्चा में शामिल हों और सत्र का भरपूर लाभ उठाये। विधानसभा का सत्र विपक्ष के लिए सब सबसे अहम और उपयोगी होता है। वे इसके महत्व को जानें और विधानसभा के बाहर सक्रिय होने के बजाय कार्यवाही में शामिल होकर उसका लाभ लें।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव की कार्यशैली को सराहा
मीडिया द्वारा पूछे गये एक सवाल के जवाब में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कार्यशैली की खूब सराहना की। उन्होंने विधानसभा, लोकसभा और निकाय चुनाव में भाजपा को मिली रिकॉर्ड जीत का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की सभी गारंटियों को पूरा करने की उपलब्धि हासिल की है।