छत्तीसगढ़

ट्रेड लाइसेंस शुल्क पर कैट की पहल को मिली गति, समाधान की दिशा में बढ़े ठोस कदम

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जुलाई 6, 2026
1 min read • 1.2k views
CAT's initiative regarding trade license fees

रायपुर, 6 जुलाई 2026। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, महामंत्री अवनीत सिंह, कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रदेश के लाखों व्यापारियों के हितों की रक्षा एवं व्यापार करने की सुगमता सुनिश्चित करने की दिशा में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) छत्तीसगढ़ की पहल लगातार सकारात्मक परिणाम की ओर बढ़ रही है।

अमर पारवानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने 6 जुलाई 2026 को मंत्रालय में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव श्रीमती आर. संगीता के साथ बैठक कर छत्तीसगढ़ नगरपालिका व्यापार अनुज्ञापन (ट्रेड लाइसेंस) नियम, 2025 के अंतर्गत प्रस्तावित व्यापार अनुज्ञापन शुल्क वृद्धि से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक एवं व्यापारी हितों के मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।

अमर पारवानी ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव को बताया कि प्रदेश के 12 लाख से अधिक व्यापारी राज्य की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन एवं राजस्व वृद्धि का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में ट्रेड लाइसेंस शुल्क में अत्यधिक वृद्धि का सबसे अधिक प्रभाव छोटे एवं मध्यम व्यापारियों, पारंपारिक व्यवसायों तथा स्थानीय बाजारों पर पड़ेगा। इसलिए शुल्क निर्धारण व्यावहारिक, न्यायसंगत एवं व्यापार अनुकूल होना आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न व्यापारिक वर्गों से प्राप्त सुझावों एवं व्यावहारिक कठिनाइयों को विस्तार से रखते हुए शुल्क संरचना की पुनर्समीक्षा का आग्रह किया। सचिव श्रीमती आर. संगीता ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण से सुना तथा विषय के प्रत्येक पहलू का विस्तृत अध्ययन कर व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं युक्तिसंगत समाधान की दिशा में सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

श्री पारवानी ने कहा कि यह बैठक उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा दिए गए संवेदनशील एवं सकारात्मक सहयोग के परिणामस्वरूप विषय विभागीय स्तर तक पहुंचा है, जहां व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुना गया है। उन्हें विश्वास है कि शासन व्यापारी हितों एवं प्रदेश के आर्थिक विकास के मध्य संतुलन बनाते हुए एक व्यावहारिक एवं सर्वहितकारी निर्णय लेगा।

कैट के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने कहा कि कैट सदैव संवाद के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में विश्वास रखता है। शासन के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा से प्रदेश के लाखों व्यापारियों को निश्चित रूप से राहत मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।

बैठक में मुख्य रूप से अमर पारवानी, परमानंद जैन, जय नानवानी, कन्हैया गुप्ता एवं नवीन शर्मा उपस्थित रहे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।