दिल्ली हादसे में दुर्ग के छात्र युवराज सोनी की मौत

रायपुर, 7 सितंबर 2026। दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास स्थित सत्य निकेतन में एक बहुमंजिला इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पंचशील नगर के रहने वाले युवराज सोनी की भी मौत हो गई है। युवराज सोनी अपने परिवार का इकलौता लड़का था। हादसे के तीन दिन पहले ही वह दुर्ग से दिल्ली गया था। युवराज सोनी के मौत की जानकारी परिजनों को दिल्ली पुलिस के माध्यम से हुई।

पुलिस ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों की पहचान कर ली गई है। उसमें दुर्ग निवासी छात्र युवराज सोनी भी शामिल है। युवराज सोनी का परिवार शीतला नगर में रहता है। सोमवार युवराज के मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

परिजनों ने बताया कि युवराज सोनी दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बी कॉम सेकंड ईयर की छात्र था। युवराज बॉयज पीजी में रहता था। वह रक्षाबंधन में राखी बंधवाने के लिए अपने घर आया था। दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह इमारत रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई। इसमें लड़कों का ‘पेइंग गेस्ट’ आवास था।

उपायुक्त समेत पांच अधिकारी निलंबित

नई दिल्ली। सत्य निकेतन में हुई घटना के मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने बड़ी कारर्वाई करते हुए दक्षिण जोन के उपायुक्त समेत पाँच अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोमवार को बताया गया कि मामले में लापरवाही के लिए निगम के पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित अधिकारियों में दक्षिण जोन के उपायुक्त, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर शामिल हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गयी है।

रेस्क्यू आपरेशन पूरा, 7 लोगों की मौत

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने सत्य निकेतन इमारत हादसे में बचाव अभियान पूरा होने की जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि 6 सितंबर को सत्य निकेतन में हुई इमारत गिरने की घटना के बाद एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया। इस दौरान मलबे में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। कुल 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोगों का अभी इलाज चल रहा है। इलाज करा रहे 5 लोगों में से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इनकी गई जान

  • अभिषेक पुत्र संतोष कुमार, सोनभद्र-यूपी
  • पवन पुत्र विशंभर नाथ, औरैया-यूपी
  • युवराज सोनी पुत्र कन्हैया लाल, दुर्ग-छत्तीसगढ़
  • अर्पित जहाज पुत्र भूपेंद्र जहाज, देवा- मध्य प्रदेश
  • अक्षत सिंह यादव पुत्र मंता सिंह, कटनी-मध्य प्रदेश
  • सुरिंदर सिंह पुत्र केवल सिंह और एक अज्ञात पुरुष

इनका चल रहा इलाज

घायलों में 30 वर्षीय असगर अली, 19 वर्षीय नीरज बावा, 19 वर्षीय आदित्य कुमार, 19 वर्षीय नीतीश चिब पुत्र पवन और 18 वर्षीय मो. अयान पुत्र मो. वकील शामिल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि मलबे में अब किसी के फंसे होने की आशंका नहीं है। सभी एजेंसियों ने मिलकर पूरे क्षेत्र की जांच कर ली है।

पीजी का मालिक, पत्नी और बेटा गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने सत्य निकेतन बिल्डिंग गिरने के मामले में इमारत के मालिक हरिराम गुप्ता के बाद उनकी पत्नी उर्मिला और बेटे महेश को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बिजली कनेक्शन हरिराम के नाम पर था, जबकि प्रबंधन का काम महेश संभाल रहे थे। कागजों पर संपत्ति हरिराम की पत्नी उर्मिला के नाम दर्ज है। सभी हादसे की घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे।