प्रयागराज, 10 जनवरी 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने माघ मेले में पहुंचकर पवित्र संगम तट पर स्नान किया। इसके बाद विधि विधान से मां गंगा की पूजा अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री योगी ने संगम में तीन बार आस्था की डुबकी लगाई। इसके संगम नोज के पास सतुआ बाबा के साथ नौका की सवारी भी की और पक्षियों को दाना खिलाया। मुख्यमंत्री के साथ मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, नंद गोपाल नंदी, पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने भी संगम में स्नान किया। संगम नोज पर मुख्यमंत्री ने गंगा पूजन किया।
संगम तट के पास वे करीब 32 मिनट तक रहे। यहां से चलकर मुख्यमंत्री बंधवा पर पहुंचे और लेटे हनुमान जी का भी दर्शन-पूजन किया। फिर सतुआ बाबा के शिविर की ओर प्रस्थान किए।
गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ने जगद्गुरु महामंडलेश्वर सतुआ बाबा के शिविर में साधु-संतों के साथ भोजन किया। उसके बाद आईसीसीसी सभागार में माघ मेला की समीक्षा बैठक की। बैठक में मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या के प्रमुख स्नान पर्वों की तैयारियों की समीक्षा किया और आवश्यक निर्देश दिये।
44 दिनों तक चलने वाले माघ मेले में रोजाना 10 लाख के आसपास श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड के बाद भी संगम की रेती पर साधु-संत, अखाड़े और कल्पवासी डेरा जमाए हैं। गंगा में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना करने वालों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।















