वाराणसी, 8 नवंबर 2025। देश को आज 4 और वंदे भारत ट्रेनें मिल गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस रेलवे स्टेशन से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु रूट पर चलेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर वंदे भारत ट्रेनों को वाराणसी रेलवे स्टेशन से रवाना किया। स्टेशन पर इस मौके पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस दौरान यात्रियों में भारी उत्साह दिखा। प्लेटफार्म नंबर 8 के उस पार पीएम मोदी की एक झलक पाने को लोग बेताब नजर आये।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, दुनिया भर के विकसित देशों में आर्थिक विकास का एक बड़ा कारण बुनियादी ढांचा रहा है। जिन देशों ने बहुत प्रगति और विकास देखा है, वहां बुनियादी ढांचे का विकास उनकी प्रगति के पीछे एक बड़ी ताकत रहा है। कितने हवाई अड्डे बने हैं, कितनी वंदे भारत ट्रेनें चली हैं, ये सभी चीजें विकास से जुड़ी हैं।
आज वंदे भारत, नमो भारत, अमृत भारत ट्रेनें भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव रख रही हैं। वंदे भारत भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई एक ऐसी ट्रेन है जिस पर हर भारतीय को गर्व है। आज जिस तरह भारत ने विकसित भारत के लिए अपने संसाधनों को बेहतर बनाने का अभियान शुरू किया है, ये ट्रेनें उसमें मील का पत्थर बनने जा रही हैं।
प्रयागराज, अयोध्या, हरिद्वार, चित्रकूट, कुरुक्षेत्र जैसे अनेक तीर्थस्थल हमारी आध्यात्मिक यात्रा के केंद्र हैं। आज जब इन पवित्र स्थलों को वंदे भारत नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है, तो एक ओर भारत की संस्कृति, आस्था और विकास यात्रा का एकीकरण हुआ है। यह भारत के विरासत शहरों को देश के विकास का प्रतीक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।













