रायपुर, 12 फरवरी 2026। दुर्ग के रहने वाले छात्र गौरव शर्मा ने आईसीएआई की परीक्षा में इतिहास रच दिया है। उन्होंने फाइनल एग्जाम में छत्तीसगढ़ टॉप किया है। इंस्टिट्यूट आफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स आफ इंडिया ने 12 फरवरी 2026 को कॉस्ट अकाउंटेंट फाइनल परीक्षा के परिणाम घोषित किए। दुर्ग के होनहार छात्र गौरव शर्मा ने 519 अंकों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
इतना ही नहीं, उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर 32वीं रैंक प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का नाम देशभर में रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही दुर्ग सहित पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार, मित्रों और शिक्षकों ने गौरव को बधाइयां दीं। एक साधारण परिवार से आने वाले गौरव की यह सफलता अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास का परिणाम मानी जा रही है।
गौरव ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उनके पिता शिव चरण शर्मा, माता श्रीमती छाया शर्मा और बहन मंजरी शर्मा ने हर कदम पर उनका उत्साह बढ़ाया। गौरव ने बताया कि इस पेशेवर कोर्स में आगे बढ़ने की प्रेरणा उन्हें अपने मामा अजय कुमार शर्मा से मिली, जो छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी में उप महाप्रबंधक (वित्त) के पद पर कार्यरत हैं और स्वयं भी कॉस्ट अकाउंटेंट हैं।
गौरव ने बताया कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान निरंतरता बनाए रखी। सभी आठ विषयों का नियमित रिवीजन किया और लगातार मॉक टेस्ट देकर अपनी कमजोरियों को दूर किया। उनका मानना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि लगातार अभ्यास ही लक्ष्य तक पहुंचाता है। प्रदेश के शिक्षा जगत के लिए भी यह उपलब्धि गर्व का विषय है।














