• Home
  • देश
  • भ्रांतियों से दूर रहकर बेटियों को समय पर कराएं एचपीवी टीकाकरण
बेटियों को समय पर कराएं एचपीवी टीकाकरण

भ्रांतियों से दूर रहकर बेटियों को समय पर कराएं एचपीवी टीकाकरण

पीएम मोदी ने अजमेर से शुरू किया एचपीवी टीकाकरण अभियान

अजमेर, 28 फरवरी 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से देशव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अभियान के तहत 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीके लगाए जाएंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वीरांगनाओं की इस धरती से देशभर की बेटियों के लिए एक अहम अभियान शुरू करने का अवसर मिला है। यह अभियान नारीशक्ति को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

एचपीवी एक सामान्य वायरस है, जो लंबे समय तक शरीर में रहने पर सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, किशोरावस्था में टीकाकरण कराने से भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर यह विशेष अभियान शुरू किया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की योजना के अनुसार, यह टीकाकरण सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। जिन बालिकाओं की आयु 9 से 14 वर्ष के बीच है, उन्हें निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार दो खुराक दी जाएंगी। टीके के बीच का अंतराल चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों के अनुसार रखा जाएगा। अभियान में आशा, एएनएम और सीएचओ की सक्रिय भूमिका तय की गई है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं तक पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने पोलियो उन्मूलन और कोविड टीकाकरण जैसे अभियानों में वैश्विक स्तर पर उदाहरण प्रस्तुत किया है। अब सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में भी देश ठोस कदम उठा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे भ्रांतियों से दूर रहकर अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।

चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। शुरुआती चरण में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते, जिससे समय पर पहचान मुश्किल हो जाती है। एचपीवी वैक्सीन संक्रमण की संभावना को काफी हद तक घटा देती है और दीर्घकाल में कैंसर के मामलों में कमी लाने में सहायक साबित होती है।

अजमेर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से बालिकाओं को टीका लगाकर अभियान की शुरुआत की गई।

सरकार का लक्ष्य है कि आगामी महीनों में देशभर की करोड़ों बालिकाओं को इस अभियान से जोड़ा जाए, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने इसे रोकथाम ही सर्वोत्तम उपचार की दिशा में बड़ा कदम बताया है।