• Home
  • छत्तीसगढ़
  • छत्तीसगढ़ के मंदिरों को पॉलीथिन मुक्त करेगी ग्रीन आर्मी, 125 पुजारी-महंतों की उपस्थिति में हुआ फैसला
छत्तीसगढ़ के मंदिरों को पॉलीथिन मुक्त करेगी ग्रीन आर्मी, 125 पुजारी-महंतों की उपस्थिति में हुआ फैसला

छत्तीसगढ़ के मंदिरों को पॉलीथिन मुक्त करेगी ग्रीन आर्मी, 125 पुजारी-महंतों की उपस्थिति में हुआ फैसला

रायपुर, 25 अक्टूबर 2025। ग्रीन आर्मी ने छत्तीसगढ़ के मंदिरों को पॉलीथिन से मुक्त करने का फैसला लिया है। यह फैसला शनिवार 25 अक्टूबर को हुई बैठक में लिया गया। बैठक में प्रदेश के 125 मंदिरों के पुजारी-महंत उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन दूधाधारी सत्संग भवन, मठ पारा रायपुर में किया गया था। अध्यक्षता महंत राम सुंदर दास ने की। मंच संचालन मिस्टर टारगेट ने ऊर्जा और अनुशासन के साथ किया।

महंत राम सुंदर दास ने कहा कि मंदिर केवल पूजा स्थल नहीं, समाज को दिशा देने का केंद्र हैं। जब मंदिर पॉलीथिन मुक्त होंगे तो समाज भी प्रेरित होगा। यह केवल सफाई का नहीं, बल्कि संस्कार और संस्कृति की शुद्धता का भी अभियान है। हर श्रद्धालु को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह पूजा सामग्री बिना पॉलीथिन के ही लाए।

स्वागत उद्बोधन ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे ने किया। उन्होंने कहा, धार्मिक समुदाय के साथ यह ऐतिहासिक पहल छत्तीसगढ़ के मंदिरों को पॉलीथिन मुक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। जब धर्म और पर्यावरण एक साथ खड़े होते हैं, तो परिवर्तन निश्चित होता है।

बैठक में रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा, व्हाइट विंग की अध्यक्ष श्रीमती निधि अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे। अंत में प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने सभी का आभार व्यक्त किया। ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ ने घोषणा की कि यह अभियान 16 चरणों में निरंतर रूप से व्हाइट विंग के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।