मुंबई, 3 जनवरी 2026। यश की फिल्म टॉक्सिक वर्ष 2026 की सबसे ज्यादा चर्चित फिल्मों में शुमार होने जा रही है। फिल्म के मेकर्स ने अभिनेत्री हुमा कुरैशी की पहली झलक जारी कर दी है। इसमें वह एलिज़ाबेथ के किरदार में बेहद प्रभावशाली अंदाज़ में नजर आ रही हैं।
जारी किए गए लुक में हुमा कुरैशी एक कब्रिस्तान के बीच खड़ी दिखाई देती हैं। चारों ओर टूटे-फूटे पत्थर, पुराने फरिश्तों की मूर्तियां और भारी, रहस्यमय माहौल है। वह एक चमकदार विंटेज काली कार के पास खड़ी हैं, जो सीन को और भी डरावना व आकर्षक बना देता है। हुमा का यह अंदाज़ पहले कभी नहीं देखा गया शांत, सलीकेदार, लेकिन भीतर से बेहद खतरनाक। उनकी आंखों में ऐसा असर है, जो साफ बताता है कि उन्हें हंगामा करने की जरूरत नहीं, उनकी शालीनता ही उनका सबसे बड़ा हथियार है।
फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास ने हुमा कुरैशी को कास्ट करने पर कहा कि एलिज़ाबेथ का किरदार बेहद चुनौतीपूर्ण था। इसके लिए ऐसी अदाकारा की जरूरत थी, जिसमें रुतबा, गहराई और दमदार स्क्रीन प्रेज़ेंस हो। उन्होंने कहा कि हुमा सवाल करती हैं, सोचती हैं और अपने किरदार को लगातार चुनौती देती हैं, और यही संवाद इस रचनात्मक सफर का सबसे खूबसूरत हिस्सा रहा। निर्देशक के मुताबिक, यह परफॉर्मेंस हुमा के करियर का बड़ा मोड़ साबित हो सकती है।
‘टॉक्सिक’ को कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है और यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम सहित कई भाषाओं में 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

















