वर्ष 2030 तक 350 अरब अमेरिकी डॉलर का होगा भारतीय वस्त्र उद्योग

वर्ष 2030 तक 350 अरब अमेरिकी डॉलर का होगा भारतीय वस्त्र उद्योग

Business

नई दिल्ली, 28 सितंबर 2024। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि भारतीय वस्त्र उद्योग वर्ष 2030 तक 350 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ जाएगा। इस प्रक्रिया में करोड़ों नौकरियों के अवसर पैदा होंगे। नई दिल्ली में 27 सिंतबर 2024 को मंत्रालय की 100 दिनों की उपलब्धियों के बारे में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, केंद्रीय वस्त्र उद्योग मंत्री ने कहा कि 100 दिनों की उपलब्धियां वर्ष 2030 तक निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने की नींव रखती हैं और वस्त्र क्षेत्र की मूल्य श्रृंखला के सभी पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करती है।

ऐसे बढ़ेगा वस्त्र उद्योग

  • गुजरात में शुरू की गई एरी सेरीकल्चर प्रोत्साहन परियोजना का पूरे देश में विस्तार किया जाएगा, जिससे अरंडी किसानों को लाभ होगा।
  • पीएम मित्र (प्रधानमंत्री मेगा एकीकृत वस्त्र क्षेत्र और परिधान) पार्क पर 70,000 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है।
  • भारत टेक्स एक बड़ा मंच है जो भारत को वस्त्र क्षेत्र में विदेशी निवेश आकर्षित करने में सहायता करेगा।

फैशन आकांक्षाओं को पूरा करेंगे

गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सदैव वस्त्र उद्योग के लिए डिजाइन के महत्व पर बल दिया है और कहा है कि राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान वस्त्र क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि विज़िओ एनएक्सटी, स्वदेशी प्रवृत्ति पूर्वानुमान पहल इस देश के लोगों की फैशन आकांक्षाओं को पूरा करेगी।

उन्होंने आगे कहा कि देश में तकनीकी वस्त्र की भारी संभावनाएं हैं क्योंकि इसका उपयोग सभी क्षेत्रों में किया जाता है और उन्होंने वर्ष 2030 तक 10 अरब अमेरिकी डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा है। श्री सिंह ने कहा कि 1 करोड़ कारीगर हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और मंत्रालय इस क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न पहल कर रहा है।

संवाददाता सम्मेलन में राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, वस्त्र सचिव सुश्री रचना शाह और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।