• Home
  • फिल्म
  • 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पर कंगना, किया नौवां दर्शन
12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पर कंगना

12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पर कंगना, किया नौवां दर्शन

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने नौवें ज्योतिर्लिंग का दर्शन किया, दिसंबर 2025 तक सभी 12 ज्योतिर्लिंग दर्शन का संकल्प।

नई दिल्ली, 27 दिसंबर 2025। भारतीय जनता पार्टी की सांसद और चर्चित अभिनेत्री कंगना रनौत ने दिसंबर 2025 तक सभी 12 ज्योतिर्लिंग दर्शन का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने के क्रम में उन्होंने नौवें ज्योतिर्लिंग के दर्शन पूरे कर लिए हैं।

कंगना ने भगवान शिव के पवित्र वैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग और गिरीशनेश्वर ज्योतिर्लिंग में पूजा-अर्चना किया। उनका लक्ष्य दिसंबर माह के अंत तक सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन पूर्ण करना है। कंगना रनौत ने दर्शन के दौरान विधिवत पूजा की और भगवान शिव से देश, समाज और अपने संसदीय क्षेत्र के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच उन्होंने सादगीपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न की, जिससे उनकी धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक झुकाव साफ तौर पर दिखाई दिया। दर्शन के बाद कंगना ने कहा कि ज्योतिर्लिंगों की यात्रा उनके लिए केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और आत्ममंथन का माध्यम भी है।

वैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग, जो झारखंड के देवघर में स्थित है, भगवान शिव के बारह पवित्र ज्योतिर्लिंगों में विशेष स्थान रखता है। मान्यता है कि यहां दर्शन मात्र से रोगों से मुक्ति और मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। वहीं महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में स्थित गिरीशनेश्वर ज्योतिर्लिंग को भी शिव भक्त अत्यंत पवित्र मानते हैं। कंगना ने दोनों ही स्थलों पर लंबा समय बिताकर शिव भक्ति में लीन होकर पूजा-अनुष्ठान किए।

सोशल मीडिया के माध्यम से भी वह अपनी धार्मिक यात्राओं और अनुभवों को साझा करती रही हैं। उनके अनुसार, व्यस्त राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन के बीच यह यात्रा उन्हें मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव उन्हें नई ऊर्जा और सकारात्मक दृष्टिकोण देता है।

भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंग

  1. सोमनाथ – प्रभास पाटन, गुजरात
  2. मल्लिकार्जुन – श्रीशैलम, आंध्र प्रदेश
  3. महाकालेश्वर – उज्जैन, मध्य प्रदेश
  4. ओंकारेश्वर – खंडवा, मध्य प्रदेश
  5. केदारनाथ – रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड
  6. भीमाशंकर – पुणे, महाराष्ट्र
  7. काशी विश्वनाथ – वाराणसी, उत्तर प्रदेश
  8. त्र्यंबकेश्वर – नासिक, महाराष्ट्र
  9. वैद्यनाथ – देवघर, झारखंड
  10. नागेश्वर – द्वारका, गुजरात
  11. रामेश्वरम – रामेश्वरम, तमिलनाडु
  12. गिरीशनेश्वर (घृष्णेश्वर) – औरंगाबाद, महाराष्ट्र