केविन वार्श अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन नामित

वाशिंगटन, 31 जनवरी 2026। केविन वार्श अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन नामित किये गये हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने केविन वार्श को फेडरल रिजर्व का नया चेयरमैन नियुक्त किया। वह जेरोम पॉवेल का स्थान लेंगे। बताया जा रहा है कि ट्रंप लंबे समय से फेड की नीतियों और पॉवेल के फैसलों से नाराज थे। इस फैसले के साथ पिछले पांच महीनों से चल रही अनिश्चितता खत्म हो गई है।

सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि वार्श एक बेहतरीन फेड चेयरमैन साबित होंगे। 55 वर्षीय केविन वार्श पहले भी फेड से जुड़े थे। वॉल स्ट्रीट में उनकी अच्छी साख मानी जाती है। उम्मीद जताई जा रही है कि केविन की नियुक्ति से बाजार में कोई बड़ी हलचल नहीं होगी। क्योंकि निवेशकों को भरोसा है कि वार्श पूरी तरह राजनीतिक दबाव में काम नहीं करेंगे।

ट्रंप अपने पहले कार्यकाल से ही ब्याज दरों को लेकर फेड पर हमेशा दबाव बनाते रहे हैं। उन्होंने बार-बार रेट कम करने की मांग की और फेड के खर्चों पर भी सवाल उठाए। वार्श ने भी पहले फेड के कामकाज में बदलाव की बात कही थी। माना जा रहा है कि उन्हें फेड के अंदर सहमति बनाकर फैसले लेना एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।