प्रतापगढ़ के दुष्कर्म पीड़िता की इलाज के दौरान मौत

प्रतापगढ़ के दुष्कर्म पीड़िता की इलाज के दौरान मौत, गांव में तनाव

Pratapgarh

प्रतापगढ़, 10 अक्टूबर 2024। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में दुष्कर्म पीड़िता की प्रयागराज में इलाज के दौरान 10 अक्टूबर की शाम मौत हो गयी। दुष्कर्म पीड़िता की मौत की घटना की जानकारी होने के बाद गांव में तनाव का माहौल हो गया। एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने गांव में पुलिस तैनात कर दिया है।

ये है पूरी घटना

लीलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 6 अक्तूबर को ढनगू के बाजरे के खेत में लहूलुहान अवस्था दुष्कर्म पीड़िता मिली थी। उसका हाथ पैर बांधकर दुपट्टे से गला कसा गया था। दुष्कर्मी उसे मृत समझ कर छोड़ गया था।

मां ने लगाया था दुष्कर्म का आरोप

पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में गांव के ही अनिल भूंज पुत्र कैलाश भूंज पर आरोप लगाया था। पीड़िता की मांग का कहना था कि आरोपी उसे घसीटते हुए बाजरे के खेत में ले गया था। उसके साथ जबरन दुष्कर्म करके उसके ओढ़नी से उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। उसे मरा जानकर छोड़कर चला गया था।

काफी खोजबीन पर मिली थी पीड़िता

बेटी के काफी देर तक घर न पहुंचने पर खोजबीन की गई। भतीजे ने खेत में जंगली जानवर के होने की आशंका पर हल्ला मचाया तो परिजन ने गांव के लोगों के साथ जैसे ही खेत में गए तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए थे। रिश्तेदार व गांव के लोगों के साथ दुष्कर्म पीड़िता को इलाज के लिए राजा प्रताप बहादुर अस्पताल लेकर गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे स्वरूपरानी के लिए रेफर कर दिया गया।

दुष्कर्मी हो चुका है गिरफ्तार

छह अक्तूबर से जिंदगी और मौत से लड़ते हुए 10 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे आईसीयू में उसकी सांसें थम गईं। मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। 7 अक्तूबर की देर शाम भागीपुर कमोरा तेजगढ़ के जंगल में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।