• Home
  • छत्तीसगढ़
  • दुबई की तर्ज पर नया रायपुर में विकसित होगी टाउनशिप, डेला ग्रुप ने किया एमओयू
दुबई की तर्ज पर नया रायपुर में विकसित होगी टाउनशिप, डेला टाउनशिप ने किया एमओयू

दुबई की तर्ज पर नया रायपुर में विकसित होगी टाउनशिप, डेला ग्रुप ने किया एमओयू

रायपुर, 21 अगस्त 2025। दुबई की तर्ज पर नया रायपुर में भी टाउनशिप विकसित होने जा रही है। यह सपना दो वर्ष के भीतर हकीकत में बदल जाएगा। डेला रेसकोर्स के संस्थापक जिमी मिस्त्री ने गुरुवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ की पहली घुड़सवारी-थीम पर आधारित लक्जरी टाउनशिप डेला रेसकोर्स की प्री लांचिंग की।

इसके लिए उन्होंने आरडीबी ग्रुप के विनोद दुग्गर, नाहर ग्रुप के सुखराज नाहर, अनेकांत ग्रुप के धर्मेंद्र केआर जैन और आरकेसीएएक्सटी के धीरज राठी के साथ एमओयू किया। 50 एकड़ में फैली यह टाउनशिप लक्जरी आवास, अंतरराष्ट्रीय स्तर के रेसकोर्स और पोलो सुविधाओं के साथ एक अनोखा आतिथ्य-संचालित रियल एस्टेट मॉडल प्रस्तुत करेगी।

इसे डेला के सीडीडीएमओ मॉडल (कांसेप्ट, डिजाइन, डेवलपमेंट, मार्केटिंग, सेल्स, आपरेशन) के तहत विकसित किया जा रहा है। टाउनशिप का मुख्य आकर्षण 8 एकड़ में फैला अत्याधुनिक रेसकोर्स और इंटरनेशनल पोलो क्लब है, जो पोलो मैच, घुड़सवारी ड्रेसेज और विश्वस्तरीय लाइफस्टाइल कार्यक्रमों की मेजबानी करेगा। यह परियोजना रायपुर को भारत के लक्जरी जीवनशैली मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करेगी।

जिमी मिस्त्री ने कहा, एक डिजाइन भविष्यवादी के रूप में, मैं भविष्य का अनुसरण नहीं करता, बल्कि उसे डिजाइन करता हूं। डेला टाउनशिप नवाचार, मानव कल्याण और कलात्मक दृष्टिकोण का पारिस्थितिकी तंत्र है। हम भारत के जीवन, कार्य और सपनों का भविष्य गढ़ रहे हैं। यह टाउनशिप छत्तीसगढ़ में लक्जरी और नवाचार का नया प्रतीक बनेगी।

टाउनशिप में क्या-क्या शामिल

  • 14 मंजिला टॉवर में 128 ब्रांडेड रेजिडेंस, 15वीं मंजिल पर पेंटहाउस और 16वीं मंजिल पर लाइफस्टाइल व रिटेल स्पेस
  • 272 निजी विला प्लॉट
  • 20,000 वगर्फुट का इंटरनेशनल पोलो क्लब
  • 4 रेस्टोरेंट, जिनमें 2 सेलिब्रिटी शेफ रेस्तरां शामिल
  • 50,000 वर्गफुट का इंटरनेशनल बिजनेस क्लब
  • 15,000 वर्गफुट का डेला यूरोपियन मेडिकल वेलनेस सेंटर
  • रेसकोर्स व्यू वाला इन्फिनिटी एज स्विमिंग पूल और रिटेल स्टोर