छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ को हम देश का नंबर 1 राज्य बनाएंगे : अमित शाह

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On फ़रवरी 9, 2026
2 min read • 1.2k views
छत्तीसगढ़ को हम देश का नंबर 1 राज्य बनाएंगे

रायपुर, 9 फरवरी 2026। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ को हम देश का नंबर 1 राज्य बनाएंगे। यह दावा उन्होंने 8 फरवरी को रायपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ 25 वर्ष का हो गया है। 25 वर्षों में राज्य में बहुत बड़ा परिवर्तन आया है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ 25 साल पहले बीमारू और नक्सलवाद से ग्रस्त राज्य माना जाता था। आज जब देखते हैं तो यह बीमारू राज्य से बाहर निकल कर विकसित राज्य बनने की कगार पर है। यहां नक्सलवाद का नामोनिशान समाप्त होने वाला है। यह गुणात्मक परिवर्तन आइडियोलॉजी के आधार पर चलने वाली उनकी पार्टी की सरकार लाई है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 25 वर्षो की यात्रा के पहले कुछ साल विपक्षी पार्टी का शासन रहा औऱ अत्याचार, दंगे, कई आंदोलन होते रहे। उसके बाद 15 साल तक उनकी पार्टी की सरकार आई औऱ इन 15 वर्षों में विकास के हर आयाम में छत्तीसगढ़ को आगे ले जाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि हमारे तत्कालीन मुख्यमंत्री नक्सलवाद से लड़े और इसके सामने संघर्ष भी किया, लेकिन अधिकतर समय केन्द्र में विपक्षी पार्टी की सरकार रही। श्री शाह ने कहा कि उसके बाद 5 साल विपक्षी पार्टी की सरकार आई जिसने छत्तीसगढ़ की जनता को घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार से परिचय कराने का काम किया।

उस सरकार के आते ही एक छोटे से राज्य के सामने अनेक प्रकार के भ्रष्टाचार के मुद्दे आ गए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की तत्कालीन विपक्षी पार्टी की सरकार ने नक्सल मूवमेंट को आसरा देकर रखा था। श्री शाह ने कहा कि उसके बाद फिर उनकी पार्टी की सरकार बनी और विकास की नई शुरूआत हुई।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि 2000 और 2025 के बजट की तुलना करें तो 2025 में 30 गुना वृद्धि हुई है। प्रति व्यक्ति आय में 17 गुना वृद्धि हुई है, राज्य के जीडीपी में 25 गुना वृद्धि हुई है।

ये आंकड़े बताये

  • 25 वर्षों में सिंचाई के क्षेत्र में दो गुना वृद्धि हुई।
  • खरीफ फसलों के उत्पादन में 3 गुना और रबी फसलों में लगभग 6 गुना वृद्धि हुई।
  • पहले केवल 7 ज़िला अस्पताल थे जो आज 30 हो गए हैं।
  • मेडिकल कॉलेज एक था अब 16 हो गए हैं।
  • आंगनवाड़ी भवनों में 18 गुना वृद्धि हुई है।
  • पहले कुपोषण से होने वाली मृत्यु दर 61 थी जो अब घटकर 15 हो गई है।
  • माता मृत्यु दर प्रति लाख 365 थी जो सरकार के प्रयासों से 146 हो गई है।
  • शिशु मृत्यु दर 79 थी जो अब घटकर 37 हो गई है।
  • साक्षरता की दर 65 से बढ़कर 79 प्रतिशत हो गई है।
  • पहले एक भी आवासीय एकलव्य विद्यालय नहीं था जो आज 75 हो गए हैं।
  • छात्रावास में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या में भी तीन गुना वृद्धि हो गई।
  • ग्रामीण सड़क निर्माण में 98 गुना वृद्धि और निवेश में 247 गुना वृद्धि दर्ज हुई है।

विकास की दर साढ़े सात प्रतिशत

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज लगभग साढ़े सात प्रतिशत विकास दर के साथ आगे बढ़ रहा है जो अकल्पनीय है। छत्तीसगढ़ ने कृषि क्षेत्र में 17 प्रतिशत, उद्योग क्षेत्र में 48 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र में 35 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि देशभर की सरकारों में अगर किसी राज्य सरकार ने ट्राइबल कल्याण के लिए सबसे अच्छा काम किया है तो गत 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ सरकार ने किया है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।