• Home
  • खेल
  • छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेंगी मैरी कॉम
छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेंगी मैरी कॉम

छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेंगी मैरी कॉम

रायपुर, 12 दिसंबर 2025। प्रसिद्ध मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं से बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने प्रदेश के खेल मंत्री का प्रभार देख रहे उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को निखारने में मदद करने की बात कही।

बता दें छह बार की बॉक्सिंग विश्व चैंपियन ओलंपिक पदक विजेता मैरी कॉम बस्तर ओलंपिक के शुभारंभ पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने यहां आयी थीं। उन्होंने बस्तर ओलंपिक के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ गांवों से पहुंचे युवाओं को देख उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं। बस्तर ओलंपिक वहां के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा मंच है।

उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए अच्छा काम कर रही है। आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मेडल जरूर जीतेंगे। उन्होंने बस्तर ओलंपिक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किए जाने पर राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्री साव ने अपने नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में मुलाकात के दौरान उन्हें राज्य में खेलों के विकास और खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। श्री साव ने मैरी कॉम की लंबी खेल यात्रा की प्रशंसा की। श्री साव ने कहा कि मैरी कॉम देश का गौरव और प्रेरणा हैं। उनकी उपस्थिति से बस्तर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और मेहनत करने की प्रेरणा जरूर मिली होगी। उन्होंने बस्तर ओलंपिक में शामिल होने छत्तीसगढ़ आने के लिए मैरी कॉम को धन्यवाद दिया।

मैरी कॉम ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अपने अनुभव साझा करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव से छत्तीसगढ़ के युवाओं के खेल में सुधार के लिए हरसंभव मदद की बात कही।