• Home
  • फिल्म
  • फातिमा बॉश के सिर सजा Miss Universe 2025 का ताज
Miss Universe 2025

फातिमा बॉश के सिर सजा Miss Universe 2025 का ताज

बैंकॉक, 22 नवंबर 2025। Miss Universe 2025 का ताज जीतकर मेक्सिको की फातिमा बॉश ने इतिहास रच दिया। थाईलैंड के बैंकॉक में जब मिस यूनिवर्स 2025 के मंच पर फातिमा का नाम गूंजा, तो पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे जीत की खुशी और सालों की मेहनत एक साथ आंसुओं के रूप में बह निकली।

मंच पर ग्लैमर, ग्रेस और ग्लोबल ब्यूटी का एक शानदार संगम था, जिसमें एक महिला का अटूट विश्वास शामिल देखने को मिला। फातिमा ने न सिर्फ ताज जीता, बल्कि उन्होंने यह साबित कर दिया कि जब दिल में सपने पलते हों, तो दुनिया की कोई आलोचना आपको रोक नहीं सकती। फातिमा बॉश की यह जीत कई मायनों में खास है।

25 वर्षीय फातिमा मेक्सिको के टाबास्को राज्य के विलाहेर्मोसा से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने Iberoamericana यूनिवर्सिटी से फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई की है। बता दें, फाइनल से पहले ही प्रतियोगिता में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया था, जब एक इवेंट के दौरान उन्हें आयोजक की तरफ से कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी का सामना करना पड़ा। इस घटना के बाद फातिमा और कई अन्य कंटेस्टेंट्स ने विरोध में वॉकआउट कर दिया था। इस मुश्किल घड़ी में भी उन्होंने हार नहीं मानी और पूरी दृढ़ता के साथ मंच पर अपनी जगह बनाई।

फातिमा ने अपनी खूबसूरती के साथ-साथ अपनी बुद्धिमत्ता और सामाजिक सोच से जजों को प्रभावित किया। फाइनल राउंड में उनसे पूछा गया कि वह ‘मिस यूनिवर्स के मंच का इस्तेमाल करके महिलाओं के लिए सुरक्षित जगह कैसे बनाएंगी?

इस सवाल के जवाब में फातिमा ने आत्मविश्वास से कहा, हम यहां बदलाव लाने और आवाज उठाने के लिए हैं। हम महिलाएं हैं, बहादुर हैं और हम इतिहास रचने के लिए यहां खड़ी हैं। उनके इस निडर और प्रेरणादायक जवाब ने निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया और उन्हें ‘मिस यूनिवर्स 2025’ का ताज मिला।

फैशन और अपैरल डिजाइन की स्टूडेंट फातिमा बॉश सस्टेनेबल फैशन की एक प्रबल समर्थक हैं। वह पुराने और बेकार हो चुके कपड़ों से नए और क्रिएटिव डिजाइन बनाती हैं। इसके अलावा, वह बचपन से ही डिस्लेक्सिया और ADHD जैसी चुनौतियों से जूझती रही हैं, जिसे उन्होंने अपनी ताकत में बदला। वह न्यूरोडाइवर्जेंस और मेंटल हेल्थ के मुद्दों के लिए भी आवाज उठाती हैं और कैंसर से जूझ रहे बच्चों के लिए भी काम करती हैं।

फातिमा बॉश ने साबित कर दिया कि असली सुंदरता केवल बाहरी नहीं, बल्कि साहस, आत्मविश्वास और समाज के प्रति समर्पण में छिपी होती है। यही वजह है कि उनकी जीत लाखों लोगों के लिए एक प्रेरणा जैसी है।