रायपुर, 16 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी से सटे नगर पंचायत कूंरा और खरोरा 100 फीट ऊंचे तिरंगे फ्लैग मास्ट को लगाया गया है। दोनों नगर पंचायतों में 18.95 लाख रुपये की लागत से इसकी स्थापना हुई है। यह धरसींवा के विधायक अनुज शर्मा के प्रयास से संभव हो सका है।
79वें स्वतंत्रता दिवस पर विधायक अनुज शर्मा ने इन दोनों तिरंगे फ्लैग मास्ट का लोकार्पण किया। उन्होंने ध्वजारोहण कर मां भारती को माल्यार्पण किया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। खरोरा में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा के रूप में बाइक रैली निकाली, जिसने उत्सव में उत्साह जोड़ा।
विधायक अनुज शर्मा ने छत्तीसगढ़वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और हर्ष का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा, जिन वीर सपूतों ने तिल-तिल जलकर देश में आजादी का सूर्योदय किया और देश की रक्षा के लिए सर्वस्व अर्पण किया, उन्हें मैं कोटि-कोटि प्रणाम करता हूं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए दिन-रात कार्य करने वाले जवानों को भी वंदन किया।
अनुज शर्मा ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के मूल्यों को संजोने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन हमें अपने कर्तव्यों और देश के प्रति समर्पण की याद दिलाता है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्कूली बच्चे शामिल हुए। बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने माहौल को और उत्साहपूर्ण बनाया। दोनों नगर पंचायतों में तिरंगे की शोभा और उत्सव की रौनक देखते ही बन रही थी।














