छत्तीसगढ़ में बढ़ा यात्री कारों और ट्रैक्टरों के प्रति आकर्षण, तेज हुई बिक्री

फेडरेशन आफ आटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस ने जारी किए वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक आंकड़े

रायपुर, 7 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में आटोमोबाइल बाजार का मिजाज बिल्कुल अलग हो गया है। यहां यात्री कारों और ट्रैक्टरों के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ा है। बीता वित्तीय वर्ष के आंकड़े यही बता रहे हैं। यहां दोनों सेगमेंट यानि यात्री कारों और ट्रैक्टरों की बिक्री काफी अच्छी रही है।

फेडरेशन आफ आटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक आंकड़े जारी कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में वाहन बाजार में बढ़त तो दर्ज की गई है, लेकिन इसकी रफ्तार राष्ट्रीय औसत की तुलना में काफी धीमी रही। प्रदेश में बीते एक साल में कुल 7,44,242 वाहनों की बिक्री हुई, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 3.43 प्रतिशत अधिक है।

फाडा छत्तीसगढ़ के चेयरपर्सन विवेक गर्ग ने बताया कि राज्य का वाहन बाजार अब तेज वृद्धि के दौर से निकलकर स्थिर लेकिन धीमी बढ़त के चरण में पहुंच गया है। आंकड़ों का विश्लेषण करें तो पैसेंजर कारों और ट्रैक्टरों की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। यह दर्शाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मांग बढ़ी है और व्यक्तिगत उपयोग के लिए वाहनों की जरूरत महसूस की जा रही है।

दोपहिया वाहनों की बिक्री में मामूली सुधार हुआ है, जबकि वाणिज्यिक (कमर्शियल) वाहनों का ग्राफ लगभग स्थिर बना रहा। सबसे चिंताजनक गिरावट कंस्ट्रक्शन से जुड़े उपकरणों की बिक्री में देखी गई है।

मार्च में थमी रफ्तार, ग्रामीण आय से उम्मीद

महीनेवार रुझानों के अनुसार, साल की शुरुआत (जनवरी और फरवरी) काफी उत्साहजनक रही, लेकिन मार्च आते-आते बाजार की गति मंद पड़ गई। फाडा के अनुसार, आने वाले समय में यदि ग्रामीण आय में सुधार होता है और सरकारी विकास कार्यों में तेजी आती है, तो बाजार फिर से रफ्तार पकड़ सकता है।

देशभर में इलेक्ट्रिक कारों का पावर शो

जहां राज्य में धीमी बढ़त है, वहीं राष्ट्रीय स्तर पर इलेक्ट्रिक वाहनों ने नया कीर्तिमान रचा है। वित्त वर्ष 2025-26 में देश में इलेक्ट्रिक पैसेंजर वाहनों की बिक्री में 83.63 प्रतिशत का भारी उछाल देखा गया। कुल बिक्री 1,99,923 इकाई तक पहुंच गई, जो पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता और ईवी तकनीक की स्वीकार्यता को दर्शाती है।