प्रतापगढ़ में सहायक अध्यापिका ने प्रधानाध्यापिका को पीटा

प्रतापगढ़ में सहायक अध्यापिका ने प्रधानाध्यापिका को पीटा, डीएम तक पहुंचा मामला

Pratapgarh

प्रतापगढ़, 14 सितंबर 2024। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सहायक अध्यापिका द्वारा प्रधानाध्यापिका की पिटाई की घटना चर्चा का विषय बन गई है। बताया जा रहा है कि प्रधानाध्यापिका, सहायक अध्यापिका की मनमानी से परेशान थीं और जब उन्हें बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से न्याय नहीं मिला, तो उन्होंने जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय का रुख किया। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी को जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया है, जिससे विभाग में हलचल मच गई है।

जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय सराय खंडेराय की प्रधानध्यापिका मधु मिश्रा का आरोप है कि उन्होंने अपनी अस्वस्थता के कारण 11 सितंबर को न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चों को प्रतिभाग कराने के लिए स्कूल की सहायक अध्यापिका को आदेश दिया था।

सहायक अध्यापिका इस आदेश से नाराज हो गईं और गुस्से में आदेश फाड़ दिया। जब प्रधानाध्यापिका ने इसका कारण जानना चाहा, तो सहायक अध्यापिका ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। सहकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद ही यह विवाद शांत हुआ। आरोप है कि सहायक अध्यापिका ने उच्च अधिकारियों से अपनी पहचान का धौंस भी दिखाया। प्रधानाध्यापिका का कहना है कि सहायक अध्यापिका पहले भी स्टाफ और अभिभावकों के साथ दुर्व्यवहार कर चुकी हैं।

प्रधानाध्यापिका मधु मिश्रा ने 13 सितंबर 2024 को डीएम से इस मामले की शिकायत की। इस पर बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।