• Home
  • यूपी
  • गौरा में एचपीवी टीकाकरण की तैयारी शुरू, स्वास्थ्य कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
गौरा में एचपीवी टीकाकरण की तैयारी शुरू

गौरा में एचपीवी टीकाकरण की तैयारी शुरू, स्वास्थ्य कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

गौरा (प्रतापगढ़), 27 फरवरी 2026। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए शुरू होने जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गौरा के सभागार में 14-15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने के लिए सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर डॉ. नीलेश जायसवाल, बीपीएम नितिन शर्मा और पीएमडब्ल्यू अंकित सिंह ने प्रतिभागियों को अभियान की रूपरेखा विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि टीकाकरण से पूर्व लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं का सर्वेक्षण अत्यंत आवश्यक है, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी छूटने न पाए। इसके लिए विद्यालयों और ग्राम स्तर पर आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका तय की गई है।

मास्टर ट्रेनर डॉ. जायसवाल ने एपीवी वैक्सीन की उपयोगिता, खुराक की प्रक्रिया, सुरक्षित भंडारण और संभावित दुष्प्रभावों से निपटने की जानकारी दी। वहीं बीपीएम नितिन शर्मा ने टीकाकरण के दौरान रिकॉर्ड संधारण, पोर्टल पर डाटा अपलोडिंग और रिपोर्टिंग प्रणाली को स्पष्ट किया। पीएमडब्ल्यू अंकित सिंह ने कार्यक्रम के समन्वय, माइक्रोप्लान तैयार करने और टीमवर्क के महत्व पर जोर दिया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने निर्देश दिए कि टीकाकरण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाए और अभिभावकों को वैक्सीन के लाभों की सही जानकारी दी जाए।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि प्रशिक्षित टीमों के माध्यम से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर क्षेत्र की किशोरियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित किया जा सकेगा। आने वाले दिनों में विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।