रायपुर, 29 जनवरी 2026। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी 2026 को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी। अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति जगदलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘बस्तर पंडुम–2026’ का औपचारिक उद्घाटन करेंगी।
यह भव्य सांस्कृतिक महोत्सव छत्तीसगढ़ राज्य सरकार द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बस्तर अंचल की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोककला, पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत, वेशभूषा, रीति-रिवाज एवं हस्तशिल्प को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली प्रवास के दौरान राष्ट्रपति से मिलकर इस प्रतिष्ठित आयोजन के उद्घाटन हेतु आमंत्रण दिया था। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने मुख्यमंत्री के आग्रह को सहर्ष स्वीकार कर कार्यक्रम में आने की अनुमति दे दी है। राष्ट्रपति की उपस्थिति से बस्तर पंडुम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
इस वर्ष बस्तर पंडुम में शामिल होने के लिए 50 हजार से अधिक जनजातीय कलाकारों, शिल्पकारों एवं लोक कलाकारों ने पंजीयन किया है। राष्ट्रपति के आगमन एवं कार्यक्रम को लेकर जिला एवं राज्य प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रहीं हैं।













