• Home
  • यूपी
  • होली पर झगड़ रहे पति-पत्नी का बचाव करने गये प्रियांशु यादव की करंट से मौत
प्रियांशु यादव की करंट से मौत

होली पर झगड़ रहे पति-पत्नी का बचाव करने गये प्रियांशु यादव की करंट से मौत

प्रतापगढ़, 5 मार्च 2026। प्रतापगढ़ जिले में होली की शाम एक दर्दनाक घटना हो गयी। शराब के नशे में राजा बाबू सरोज अपनी पत्नी से झगड़ रहा था। शोर सुनकर पड़ोसी युवक प्रियांशु यादव बीच बचाव करने पहुंचा। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गयी।

घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक राजा बाबू सरोज नशे की हालत में अपनी पत्नी से मारपीट कर रहा था। शोर सुनकर हीरालाल यादव का 22 वर्षीय प्रियांशु यादव बीच-बचाव करने उसके घर पहुंच गया। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया।

परिजनों का आरोप है कि राजा बाबू ने बिजली का तार छुआ दिया, जिससे प्रियांशु को तेज करंट लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने भी फोर्स के साथ पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। होली का त्योहार, जो खुशियों और रंगों का प्रतीक है, इस घटना के बाद गोपालपुर गांव में मातम में बदल गया। परिजन दोषी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।