यूपी

शोध और नवाचार को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता : प्रो. सैनी

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जनवरी 15, 2026
1 min read • 1.2k views
लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति का पदभार ग्रणह करते प्रो. जे.पी. सैनी

लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर प्रो. जे.पी. सैनी ने 14 जनवरी 2026 को पदभार संभाल लिया। पूर्व कुलपति प्रो. मनुका खन्ना ने उन्हें यह दायित्व सौंपा।


लखनऊ, 15 जनवरी 2026। प्रो. जे.पी. सैनी ने लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति पद का कार्यभार 14 जनवरी 2026 को संभाल लिया। विश्वविद्यालय में पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। इसके उपरान्त उन्हें पूर्व कुलपति प्रो. मनुका खन्ना ने कुलपति पद का दायित्व सौंपा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पदभार ग्रहण करने के बाद प्रो. जे.पी. सैनी ने कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय की गौरवशाली अकादमिक परंपरा को और सशक्त बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता, शोध और नवाचार को बढ़ावा देना, छात्र-केंद्रित शिक्षा प्रणाली को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के प्रभावी और व्यावहारिक क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नवनियुक्त कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को ज्ञान, अनुसंधान और कौशल विकास का आधुनिक केंद्र बनाने के लिए शिक्षकों, छात्रों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने डिजिटल शिक्षा, अंतरविषयक अध्ययन और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों को भी समय की आवश्यकता बताया।

इस अवसर पर प्रो. जे.पी. सैनी ने पूर्व कुलपति प्रो. मनुका खन्ना के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में लखनऊ विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता और नवाचार के नए आयाम स्थापित करेगा।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।