नई दिल्ली, 13 फरवरी 2025। कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आश्चर्यजनक व्यवहार अब उनके लिए मुसीबत बनता जा रहा है। अपने आश्चर्यजनक व्यवहार से राहुल गांधी लोकप्रिय होने के बजाय कानूनी दांवपेंच में फंसते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार 13 फरवरी को भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कांफ्रेस कर राहुल गांधी पर करारा हमला बोला।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, इन्होंने पेगासस की बात की थी, तब सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि जिन्हें शिकायत है वह अपना मोबाइल दे दें तो इन्होंने मोबाइल नहीं दिया था। ये विदेश गए, लंदन, मलेशिया, अमेरिका में हर जगह भारत के लोकतंत्र को बदनाम किया।
प्रसाद यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि सेना के मनोबल को ये हमेशा अपमानित करते रहे हैं। अभी किताब दिखा रहे हैं, राहुल गांधी को बताना पड़ेगा कि जब किताब छपी ही नहीं तो उन्हें यह किताब कहां से मिली?
एक सिख सदस्य जो मंत्री हैं उसे इन्होंने ‘देशद्रोही’ कह दिया, स्पीकर को ‘यार’ कह दिया। उनके निर्देश पर उनकी महिला सदस्यों ने प्रधानमंत्री की कुर्सी को घेर लिया था, स्पीकर को स्पीकर के चेंबर में जाकर बदनाम किया।
शाहीन बाग की तर्ज पर ये उसे संसद में ला रहे हैं। प्रह्लाद जोशी प्रेस से बात कर रहे थे तब ये उसमें भी घुस गए। उनके खिलाफ सदस्यता को लेकर सवाल हुआ तो वे कहने लगे कि आप भाजपा वाले है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सदन के पटल पर झूठ बोलना, ये बहुत पीड़ादायक है। राहुल गांधी अलोकतांत्रिक आचरण करते हैं, यह बहुत पीड़ादायक है। उनके इन सारे आचरण की हम भर्त्सना करते हैं। क्या उनका कोई उत्तरदायित्व नहीं है।
















